जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में गुरुवार (6 अगस्त, 2020) सुबह आतंकवादियों ने भाजपा नेता और सरपंच सज्जाद अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी। सज्जाद कुलगाम जिले में भाजपा के उपाध्यक्ष भी थे। खबर लिखे जाने तक किसी आंतकी संगठन ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है। जम्मू-कश्मीर पुलिस की तरफ से भी मामले में बयान नहीं आया है। बता दें कि हाल के दिनों में किसी भाजपा नेता पर ये चौथा हमला है।

पिछले महीने भी आतंकियों ने भाजपा के शेख वसीम बारी, उनके पिता और भाई की केंद्र शासित प्रदेश के बांदीपोरा में हत्या कर दी थी। बारी बांदीपोरा के भाजपा प्रमुख थे। तब जम्मू-कश्मीर पुलिस ने ट्वीट कर बताया कि आतंकियों ने बांदीपोरा में भाजपा कार्यकर्ता वसीम बारी की हत्या कर दी। अंधाधुंध गोलीबारी के दौरान वसीम बारी, उनके पिता बशीर अहमद और भाई उमेर बशीर अहमद घायल हो गए। उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया लेकिन तीनों ने दम तोड़ दिया।

Ahmedabad Covid-19 Hospital Fire Live Updates

तब एक नए आतंकी आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। पुलिस ने बताया कि ये जैश, लश्कर और हिजबुल का मोर्चा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ये संगठन पाकिस्तान को फाइनेंशियल ऐक्शन टास्क फोर्स की कार्रवाई से बचाने के लिए बनाया गया।

उल्लेखनीय है कि तब भाजपा के तमाम नेताओं ने इस हमले की निंदा की थी। भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा ने कहा कि वसीम की मृत्यु पार्टी के लिए बहुत बड़ी क्षति थी। उन्होंने ट्वीट में कहा था, ‘यह पार्टी के लिए बहुत बड़ी क्षति है। मेरी गहरी संवेदना उनके परिवार के साथ है। पूरी पार्टी शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है। मैं विश्वास दिलाता हूं कि उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।’