Jharkhand News: झारखंड के महगामा से कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय सिंह अपने क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 133 की बदहाली के खिलाफ सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं। इस बीच उन्होंने गोड्डा में बीच सड़क पर जल सत्याग्रह किया।
विधायक दीपिका पांडेय सिंह बुधवार (21 सितंबर, 2022) सुबह मौके पर पहुंचीं और पानी से भरे गड्ढे में जाकर धरने पर बैठ गईं। इस दौरान उन्होंने लोटा लेकर सड़क पर भरे हुए गंदे पानी से स्नान कर अपना विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस विधायक के साथ उनके अन्य समर्थक भी धरना पर बैठ गए और रोड को जाम कर दिया। इस दौरान समर्थको ने बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ भी जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के बाद भी हम लोगों को यहां बैठना पड़ रहा है। यह बहुत ही दुर्भाग्य की बात है। अगर हम लोगों की परेशानी को नहीं सुना जाएगा तो हम लोग अपना तरीका बदलेंगे। सत्र चलने तक हम इंतजार नहीं कर सकते। सड़क पर आंदोलन शुरू हुआ है और इस आंदोलन को सड़क पर ही खत्म करना होगा। जब तक यहां काम शुरू नहीं होता, तब तक हम यहां से उठने वाले नहीं हैं।
सिंह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरन से इस समस्या को सुलझाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत का कार्य केंद्र सरकार के अधीन है, लेकिन झारखण्ड में राष्ट्रीय राजमार्ग-133 की मरम्मत को टाला जा रहा है। इस रोड पर आए दिन दुर्घटना होती रहती हैं। इसके बावजूद इस सड़क को ठीक नहीं कराया जा रहा।
उन्होंने कहा कि मई के महीने में ये सड़क NHI को दे दी गई थी। राज्य सरकार का इस सड़क पर कोई योगदान नहीं हो सकता, क्योंकि यह केंद्र सरकार के नियम के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि जब से हम विधायक बने हैं, तब से हम PWD से बोलकर इस सड़क पर भराव का कार्य कराते रहे हैं।
भाजपा सांसद बोले- मुख्यमंत्री के खिलाफ है कांग्रेस विधायक का धरना
वहीं सांसद निशिकांत दुबे ने विधायक दीपिका के प्रदर्शन का जवाब देते हुए कहा कि महगामा की कांग्रेस विधायक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ धरने पर बैठीं हैं, यह नेशनल हाइवे स्टेट पथ निर्माण विभाग रख रखाव करता है । इसका पैसा केन्द्र सरकार ने 75 करोड़ 6 महीने पहले दे रखा है।