बिहार विधान सभा चुनाव के लिए जारी प्रचार के बीच मोकामा में जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार के लिए प्रचार कर रहे स्थानीय दबंग दुलारचंद यादव की हत्या हो गयी है। दुलारचंद यादव जन सुराज पार्टी के उम्मीद पीयूष प्रियदर्शी के लिए प्रचार कर रहे थे। दुलारचंद यादव के समर्थकों ने जदयू उम्मीदवार बाहुबली अनंत सिंह के समर्थकों पर हत्या का आरोप लगाया है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मोकामा क्षेत्र में पीयूष प्रियदर्शी और उनके समर्थक प्रचार कार्य कर रहे थे। उसी इलाके में अनंत सिंह के समर्थक भी प्रचार कार्य कर रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट के दौरान गोली चली और दुलारचंद यादव की मौत हो गयी। यह घटना बसावनचक गांव में हुई है।

लालू यादव के करीबी रहे थे दुलार चंद यादव

दुलारचंद यादव को एक समय में आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव का बेहद करीबी माना जाता था। मोकामा के इलाके में उनकी काफी अच्छी पकड़ थी। 

बिहार के स्थानीय मीडिया के अनुसार, दुलार चंद यादव हिस्ट्रीशीटर रहे हैं और उनपर हत्या के कई आरोप लग चुके थे। अनंत सिंह के बड़े भाई दिलीप सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ चुके थे। दिलीप सिंह 1990 और 1995 में मोकामा सीट से विधायक चुने गये थे। दिलीप सिंह का निधन हो चुका है। 

पीयूष प्रियदर्शी ने क्या कहा? 

पीयूष प्रियदर्शी गुरुवार को 3 बजकर 21 मिनट पर अपने फेसबुक पेज पर लाइव आए। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि जेडीयू के उम्मीदवार अनंत सिंह के समर्थकों ने हमारी गाड़ी पर हमला किया है। 

लाइव के दौरान पीयूष प्रियदर्शी ने कहा, “गरीब दबने वाला नहीं है। प्रशासन कुछ नहीं कर रहा है… हम अपनी लड़ाई लड़ लेंगे। दुलारचंद यादव को मारा है, यह भूलने वाले नहीं है… टाल हम लोगों का इलाका है… इसका जवाब हम लोग जल्दी देंगे।”

‘हर सर्वे में एक बात खुलकर सामने आ रही है…’

पुलिस ने क्या कहा?

बाढ़-2 इलाके के एसडीपीओ अभिषेक सिंह ने पत्रकारों को बताया कि दो पक्षों के बीच गोली मारने और गाड़ी चढ़ाने का आरोप लगा है। उन्होंने कहा कि एफएसएल टीम को भी सूचना दी गई है। आवेदन मिलने पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आईजी जितेंद्र राणा ने बताया कि मौके पर अधिकारियों को भेजा गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

अनंत सिंह वर्ष 2005 से 2015 तक मोकामा विधान सभा सीट से पांच बार से लगातार चुनाव जीत चुके हैं। 2020 में उनकी पत्नी नीलम देवी चुनाव लड़ीं और जीतीं। इस बार अनंत सिंह खुद जदयू के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं।

बिहार में पहले चरण के लिए वोटिंग की तारीख बिल्कुल नजदीक आ गई है। पहले चरण में 6 नवंबर को जबकि दूसरे चरण में 11 नवंबर को वोट डाले जाने हैं। 14 नवंबर को वोटों की गिनती की जाएगी।

चुनाव जीतने पर महागठबंधन बना सकता है चार डिप्टी सीएम