आम आदमी पार्टी (AAP) हिमाचल प्रदेश की चुनावी तैयारियों में अभी से पूरी ताकत से जुटी हुई है। हिमाचल में AAP ने पंजाब के विधायकों की भी ड्यूटी लगाई हुई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश के काँगड़ा में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री केजरीवाल ने हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर जमकर निशाना साधा और उन्हें नकलची तक बता दिया। केजरीवाल के बयान पर सोशल मीडिया पर भी लोगों ने कमेंट्स किए।
जनसभा को संबोधित करते हुए अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि, “एग्जाम हो रहा था और उसमे सारे बच्चे बैठ कर पेपर दे रहे थे और उसमे केजरीवाल और जयराम ठाकुर भी बैठा था। केजरीवाल आगे बैठा था और जयराम ठाकुर पीछे बैठा था। केजरीवाल के पेपर में से जयराम ठाकुर नक़ल मार रहा था। केजरीवाल ने लिखा कि दिल्ली में 300 यूनिट बिजली मुफ्त करेंगे, जयराम ने नक़ल करते हुए लिखा कि हिमाचल में 125 यूनिट बिजली मुफ्त करेंगे।
चाणक्य नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा कि, “काफी हद तक आश्वस्त है कि भाजपा केजरीवाल को बढ़ने दे रही है। वे उन पर हमला नहीं करना चाहते हैं ताकि वोटों के विभाजन से उन्हें फायदा हो, खतरनाक हथकंडे।” वहीं अरिहंत नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा कि, “ये अब मोदी के अंदाज की कॉपी कर रहें हैं और भाषण भी उन्हीं के स्टाइल में दे रहें हैं।”
रघुवंश नाम के ट्विटर यूजर ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए लिखा कि, “आपने तो दिल्ली को लूटा है इसलिए आपका सफाया तय हैं।” वहीं विक्रम नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा कि, “रिपोर्ट के अनुसार केजरीवाल सरकार ने दिल्ली सरकार के स्कूलों के आधुनिकीकरण के नाम पर एक घोटाला किया। दिल्ली सरकार ने ठेकेदारों को आवश्यकता से लगभग दोगुनी राशि का भुगतान किया। सीबीआई मामले की जांच कर रही है। मैं इस पर मीडिया की चुप्पी देखकर हैरान नहीं हूं।”
बता दें कि AAP ने हिमाचल में दिल्ली सरकार में मंत्री सत्येन्द्र जैन को प्रभारी नियुक्त किया है जबकि उनके साथ दुर्गेश पाठक भी नेतृत्व कर रहे हैं। अरविन्द केजरीवाल अब तक हिमाचल के मंडी और काँगड़ा में दो बड़ी जनसभाओं को संबोधित कर चुके हैं।