जयपुर के विमंदित गृह के बच्चों की मौत की जांच सीबीआई से कराने की मांग करने वाले युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर यहां जमकर लाठियां बरसाईं। पुलिस लाठीचार्ज में करीब आधा दर्जन कार्यकर्ता जख्मी हो गए। युवक कांग्रेस ने यहां बच्चों की मौत के मामले में सरकार की लापरवाही के विरोध में सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री अरुण चतुर्वेदी के निवास पर विरोध प्रदर्शन और घेराव का कार्यक्रम किया था।
प्रदेश युवक कांग्रेस ने रविवार (15 मई) को यहां भाजपा सरकार के खिलाफ बडा प्रदर्शन कर अपना विरोध जताया। पुलिस ने गुस्साए कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर उस समय लाठियां बरसा दीं जब वे सिविल लाइन में मंत्री के सरकारी घर का घेराव करने जा रहे थे। युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता रविवार को यहां बाईस गोदाम सर्किल पर इकट्ठा हो गए थे। इनकी अगुआई प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष विधायक अशोक चांदना कर रहे थे। युवक कांग्रेस ने मंत्री के घर पर प्रदर्शन का एलान पहले ही कर दिया था। इस दौरान ही कार्यकर्ताओं और पुलिस का आमना सामना हो गया। पुलिस का कहना है कि उसने कार्यकर्ताओं को सिर्फ खदेड़ा। कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन से रोकने के लिए पुलिस ने पहले वाटर केनन से पानी की तेज बौछारें फेंकी। इस दौरान युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस में काफी देर तक धक्का मुक्की भी हुई। हालात नहीं संभलने पर पुलिस ने जमकर लाठियां बरसा कर कांग्रेसियों को मंत्री के घर तक नहीं पहुंचने दिया।
युवक कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चांदना ने बताया कि कार्यकर्ता शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने बेवजह लाठीचार्ज किया और इसमें करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। इसके बाद चांदना समेत सभी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक गिरफतारियां देकर अपना विरोध दर्ज कराया। युवक कांग्रेस की मांग है कि विमंदित गृह में बारह बच्चों की मौत के लिए जिम्मेदार लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही इस प्रकरण की जांच सीबीआइ को सौंपी जाए। चांदना ने मांग की कि इस मामले की सरकार गंभीरता से जांच कराए। सरकार मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है। विमंदित बच्चों की मौत से पूरे प्रदेश की जनता में सरकार के खिलाफ गहरी नाराजगी पनपी हुई है। सरकार इस मामले को ठंडे बस्ते में डालने में लगी हुई है। चांदना ने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस इस मामले में सरकार के खिलाफ हर मोर्चे पर संघर्ष करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विरोध करने वालों के खिलाफ दमन की नीति अपनाने में लगी है।
इसका भी युवक कांग्रेस डटकर विरोध करेगी।