Kanpur News: एक चूहे की वजह से कानपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान काफी देर तक अटकी रही। यह फ्लाइट दिल्ली जा रही थी और इसमें 140 यात्री सवार थे। दोपहर 2.55 बजे दिल्ली के लिए रवाना होने वाली इस फ्लाइट में सभी यात्री सवार हो चुके थे, तभी किसी ने केबिन के अंदर एक चूहे को उछलते-कूदते देखा। एयरलाइन कर्मचारियों को तुरंत चूहे के बारे में बताया गया।
इसके बाद, सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और चूहे का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया। यह तलाशी अभियान लगभग दो घंटे से ज्यादा वक्त तक चला। कुछ यात्रियों ने अपनी नाराजगी जाहिर की, तो एयरपोर्ट के अधिकारियों ने उन्हें बताया कि जब तक चूहा नहीं मिल जाता, तब तक उड़ान नहीं भरी जाएगी। इसके बाद यात्रियों को लाउंज में लाया गया।
फ्लाइट दो घंटे 40 मिनट लेट
यह फ्लाइट पहले दिल्ली में शाम 4:10 बजे पहुंचने वाली थी, लेकिन कानपुर से शाम 6:03 बजे रवाना हुई और शाम 7:16 बजे दिल्ली में उतरी। कानपुर एयरपोर्ट के मीडिया प्रभारी विवेक सिंह ने एनडीटीवी से फोन पर बात करते हुए विमान में चूहे की मौजूदगी की पुष्टि की और कहा कि एहतियात के तौर पर यात्रियों को विमान से बाहर निकाल लिया गया था।
ये भी पढ़ें: इंजन में तकनीकी खराबी की वजह से IndiGo के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग
मुंबई से फुकेत जा रही फ्लाइट हुई थी डॉयवर्ट
19 सितंबर को इंडिगो के अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को मुंबई से फुकेत जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को विमान में सुरक्षा संबंधी खतरा देखे जाने के कारण चेन्नई की ओर डायवर्ट दिया गया। इंडिगो के अधिकारियों ने एक बयान में कहा, “19 सितंबर 2025 को मुंबई से फुकेत के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की उड़ान 6E 1089 को विमान में सुरक्षा संबंधी खतरे के कारण चेन्नई डायवर्ट कर दिया गया। प्रोटोकॉल के अनुसार, संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित कर दिया गया है और चेन्नई में उड़ान की जांच की।”