UP News: उत्तर प्रदेश की मथुरा पुलिस ने एक 27 वर्षीय व्यक्ति को सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को शुक्रवार देर शाम गिरफ्तार किया गया।
इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए मथुरा के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि पुलिस की एक टीम को शुक्रवार को यह वीडियो मिला। वीडियो दोपहर करीब 2 बजे अपलोड किया गया था। वीडियो में दिख रहा व्यक्ति, जिसके हाथ में पिस्तौल थी, मुख्यमंत्री को धमकी दे रहा था।
रावत ने बताया कि पुलिस टीम ने उस व्यक्ति का नाम और पता पता किया। उसकी पहचान मथुरा के नगला हरदयाल गांव निवासी सुनीत के रूप में हुई। उसे गिरफ्तार करने के लिए एक टीम भेजी गई।
रावत ने कहा कि जब पुलिस टीम उसके आवास पर पहुंची तो सुनीत अपने तीन मंजिला मकान की छत पर पिस्तौल लेकर चढ़ गया और पुलिस को धमकी देने लगा कि अगर उसे गिरफ्तार किया गया तो वह खुद को गोली मार लेगा।
उन्होंने बताया कि हमें उसे गिरफ्तार करने में तीन-चार घंटे लगे। टीम ने शुरुआत में उसे नीचे आने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ा रहा। फिर टीम सीढ़ी लगाकर छत के पिछले हिस्से से ऊपर चढ़ी और उसे पकड़कर पिस्तौल बरामद कर ली।
यह भी पढ़ें- ‘RLD आई रे…’, रालोद-बीजेपी गठबंधन में नया तनाव, जयंत चौधरी ने दिखाई ताकत
पुलिस के मुताबिक, सुनीत मुख्यमंत्री से रंजिश रखता था, क्योंकि उसने दावा किया था कि उसके चाचा के साथ चल रहे ज़मीन विवाद को लेकर दर्ज कराई गई शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि ज़मीन विवाद का कोई मामला हमारे यहां दर्ज नहीं है… हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि उसे देसी पिस्तौल कैसे मिली।
यह पूछे जाने पर कि क्या वीडियो बनाते और अपलोड करते समय वह व्यक्ति किसी नशे में था। रावत ने कहा कि इसकी पुष्टि के लिए जांच जारी है। उन्होंने कहा कि हमने उसे गिरफ्तार कर लिया है और संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है, और सभी संभावनाओं पर गौर करते हुए जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें- योगी सरकार का 2027 चुनाव पर फोकस