गुरुवार को एक तरफ जहां लोगों ने जमकर होली के त्योहार को एन्जॉय किया तो वहीं कुछ घटनाएं भी सामने आईं। जिसमें महाराष्ट्र के पुणे और मुंबई में पुलिस ने कई केस दर्ज किए। बता दें कि पुणे में पुलिस ने 84 लोगों को जबरदस्ती रंग लगाने और पानी वाले बैलून फेंकने पर हिरासत में लिया तो वहीं मुंबई में 42 लोग होली के वक्त घायल हो गए।

प्रतिबंध का उल्लंघन करने पर 84 लोग हिरासत मेंः वाकाड पुलिस स्टेशन के एसपी सतीश माने ने बताया कि होली समारोह पर महिलाओं और लड़कियों पर कोई जबरन रंग न लगा सके उसके लिए विशेष रूप से टीमों का गठन किया गया था। इस दौरान 84 लोगों को प्रतिबंध का उल्लंघन करने में आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई बॉम्बे पुलिस अधिनियम की धारा 68 के तहत की गई। इसके साथ ही पुणे ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि शाम 7 बजे तक नशे में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ 184 मामले और नियमों का उल्लंघन कर गाड़ी चलाने के 40 मामले दर्ज किए गए।

होली के मौके पर चोटिल हुए लोगः वहीं दूसरी तरफ मुंबई में होली के मौके पर गुरुवार को चोट लगने से 42 लोग केईएम अस्पताल में भर्ती हुए। इनमें से 21 लोगों के सिर और शरीर पर चोट लगी जिसके बाद उनका उपचार किया गया। इसके साथ ही बता दें कि होली से एक दिन पहले 12 लोगों को बुधवार (20 मार्च) को भांग खाकर गिरने की वजह से गोकुलदास तेजपाल अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। केईएम अस्पताल के डीन डॉ हेमंत देशमुख ने बताया कि भांग हृदय गति बढ़ाता है और इससे ब्लड प्रेशर पर भी प्रभाव पड़ता है। जेजे अस्पताल के अधीक्षक डॉ संजय सुरसे ने बताया कि उनके अस्पताल में तीन लोगों को सामान्य वॉर्ड में भर्ती किया गया। वहीं मुंबई पुलिस ने नशे में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ के 385 मामले दर्ज किए।

 

दर्ज हुए इतने मामलेः घटनाओं के अलावा मुंबई में रैश ड्राइविंग के लिए 149, ओवरस्पीडिंग के लिए 274, ट्रिपल सीट ड्राइविंग के लिए 553 और बिना हेलमेट के सवारी चलाने वाले 3,919 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।