BJP Minister in Ram Rahim Satsang: बलात्कार और हत्या का दोषी राम रहीम को जब से वो पैरोल पर बाहर आया है, तब से सत्संग कर रहा है। गुरुवार (27 अक्टूबर, 2022) को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और हिमाचल के परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने राम रहीम के सत्संग में शामिल हुए। इस दौरान बीजेपी मंत्री ने राम रहीम से आशीर्वाद लिया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में ब्रिकम ठाकुर कह रहे हैं कि मैं एक मंत्री और विधायक हूं, मैं यहां आपका आशीर्वाद लेने आया हूं। जिस तरह से आप पंजाब और हरियाणा में नेक काम कर रहे हैं, उससे बड़ा कुछ नहीं हो सकता। मैं चाहता हूं कि हिमाचल प्रदेश के लोग जो आपको बहुत प्यार करते हैं। इसको आप हमेशा बनाए रखें। मुझे आशा है कि हमें आपका आशीर्वाद मिलेगा। बिक्रम ठाकुर ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 20 अक्टूबर को जसवां प्रागपुर से नामांकन दाखिल किया। हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को मतदान होगा।
बता दें, बलात्कार और हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने 14 अक्टूबर को 40 दिन की पैरोल दी थी, जिसको हरियाणा में होने वाले चुनाव को लेकर देखा जा रहा है। आदमपुर उपचुनाव 3 नवंबर को होना है। इसके अलावा, राज्य में जल्द ही पंचायत चुनाव भी होने हैं। हरियाणा और पंजाब में राम रहीम के व्यापक प्रभाव को पैरोल के लिए एक बड़े कारण के रूप में देखा जाता है, क्योंकि विपक्ष का दावा है कि भाजपा राम रहीम का फायदा उठाने की पूरी कोशिश कर रही है।
गौर करने वाली है कि जब से राम रहीम को पैरोल दी गई है। तब से वो ऑनलाइन और व्यक्तिगत रूप से सत्संग कर रहे हैं। जिसमें कई भाजपा मंत्री और नेता शामिल होते हैं। इससे पहले करनाल की मेयर रेणु बाला गुप्ता, डिप्टी मेयर नवीन कुमार और सीनियर डिप्टी मेयर राजेश अग्गी ने उनके ऑनलाइन सत्संग में शिरकत की थी। रेणु बाला गुप्ता ने डेरा प्रमुख को पिता जी कहते हुए संबोधित किया, जैसा कि सिरसा स्थित संप्रदाय के प्रमुख के अनुयायी आमतौर पर करते हैं। 25 अक्टूबर को भाजपा जींद विधायक कृष्ण मिड्ढा को गुरमीत राम रहीम के सत्संग में भाग लेते देखा गया था।