Himachal Pradesh Assembly Election Result 2022: हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस (Congress) 68 सीटों में से 40 सीटों पर बहुमत हासिल कर सरकार बनाने को तैयार है। पार्टी के अहम नेताओं ने शुक्रवार (9 दिसंबर 2022) को शिमला में राज्यपाल से नयी सरकार के गठन को लेकर मुलाकात की।

कांग्रेस के हिमाचल प्रदेश में सत्ता में लौटने के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए पार्टी के भीतर लॉबिंग शुरू हो गई है। दिन भर की अनिश्चितता के बाद, कांग्रेस विधायक दल की शिमला में शुक्रवार रात करीब 8 बजे बैठक हुई और मुख्यमंत्री का फैसला करने की जिम्मेदारी पार्टी आलाकमान को सौंपने का प्रस्ताव पारित किया गया।

कांग्रेस (Congress) के अहम नेताओं ने की राज्यपाल से मुलाकात: कांग्रेस नेतृत्व द्वारा भेजे गए पर्यवेक्षकों ने सभी 40 विधायकों से अलग-अलग बात कर उनकी मंशा जानने की कोशिश की। इससे पहले कांग्रेस पर्यवेक्षकों ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की और उन्हें बताया कि पार्टी के पास बहुमत है और सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए बाद में उनके साथ औपचारिक बैठक की मांग करेंगे।

सूत्रों ने कहा कि 40 विधायकों में से लगभग एक दर्जन ने पर्यवेक्षकों- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राज्य के एआईसीसी प्रभारी राजीव शुक्ला से कहा कि वो किसी विशेष नेता का समर्थन नहीं करते हैं और वो आलाकमान की मर्जी के साथ जाएंगे। वहीं, बाकी विधायक राज्य कांग्रेस अध्यक्ष और मंडी से लोकसभा सांसद प्रतिभा सिंह, राज्य कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू और विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री के बीच बंटे हुए थे। सूत्रों ने कहा कि आधे से अधिक सुक्खू के पक्ष में थे और उसके बाद अन्य दो।

सीएम पद के लिए मुकाबला प्रतिभा सिंह (Pratibha Singh) और सुखविंदर सिंह सुक्खू के बीच: द इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि पर्यवेक्षक शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे और आलाकमान द्वारा अंतिम निर्णय लिया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि मुकाबला काफी हद तक प्रतिभा सिंह और सुखविंदर सिंह सुक्खू के बीच है क्योंकि पार्टी प्रमुख ठाकुर समुदाय के नेता को मुख्यमंत्री बनाने की इच्छुक है। दोनों ठाकुर समुदाय से हैं। अग्निहोत्री एक ब्राह्मण हैं – राज्य में मुख्यमंत्री के रूप में केवल एक ब्राह्मण रहा है।

हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री (Himachal CM) की दौड़ में ये नाम हैं शामिल: हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री की दौड़ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह (Pratibha Singh), पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और वरिष्ठ नेता सुधीर शर्मा शामिल हैं।