ABP C-VOTER Survey: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों का प्रचार जारी है। 10 नवंबर को प्रचार थम जाएगा। राज्य में 12 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। नतीजे 8 दिसंबर को आएंगे। पिछली बार की तरह इस बार भी भाजपा और कांग्रेस के बीच टक्कर है। जबकि, आम आदमी पार्टी मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने के लिए पूरा जोर लगा रही है।
ऐसे में हिमाचल की जनता का मूड जानने के लिए एबीपी न्यूज़ के लिए सी वोटर ने ओपिनियन पोल किया है। इस ओपिनियन पोल में सवाल किया गया कि हिमाचल विधानसभा चुनाव प्रचार में अभी तक बीजेपी को बढ़त या कांग्रेस को? इस सवाल के चौंकाने वाले जवाब मिले हैं।
सर्वे में 47 प्रतिशत लोगों ने कहा कि हिमाचल प्रचार में अभी भारतीय जनता पार्टी को बढ़त है। 31 प्रतिशत लोगों का कहना है कि हिमाचल में प्रचार में अभी कांग्रेस पार्टी को बढ़त है। वहीं 22 प्रतिशत लोगों कहा कि उनको इस बारे में नहीं पता है।
बता दें, शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी ने हिमाचल में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इसके दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश पहला घोटाला रक्षा क्षेत्र में किया था। कांग्रेस ने रक्षा सौदों में जमकर दलाली खाई। हजारों करोड़ के घोटाले किए।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस कभी नहीं चाहती कि देश रक्षा साजो सामान के मामले में आत्मनिर्भर हो। वो सेना के लिए हर खरीद में कमीशन चाहती थी। अपने नेताओं की तिजौरी भरना चाहती थी। मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा हथियार खरीदने में देरी की। इसका सबसे ज्यादा नुकसान हमारी हिमाचल की वीर माताओं को हुआ।
वहीं शुक्रवार को कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने हिमाचल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा था। प्रियंका ने कहा था कि अगर केंद्र में उनकी पार्टी की सरकार बनती है तो अग्निपथ स्कीम को रद्द कर दिया जाएगा।
गांधी ने कहा कि हम जो वादा करते हैं, वो पूरा करते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में हमने किसानों की कर्जमाफी का वादा किया था उसे पूरा भी किया। उन्होंने सवाल किया कि पिछले पांच सालों में कितने नौजवानों को रोजगार मिला? छत्तीसगढ़ में तीन साल में पांच लाख रोजगार दिए गए, राजस्थान सरकार ने 1 लाख 30 हजार नौकरियां दिलवाई हैं। हिमाचल में 63 हजार सरकारी पद खाली पड़े हैं।