Himachal Pradesh Budget: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार (17 मार्च, 2023) अपनी सरकार का पहला बजट पेश किया। साल 2023-24 के लिए मुख्यमंत्री ने 53613 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। 2 घंटे 17 मिनट लंबे भाषण में मुख्यमंत्री ने हिमाचल को ग्रीन स्टेट बनाने का ऐलान करते हुए घोषणाओं की झड़ी लगा दी। इस बजट में जो सबसे खास बात रही वो यह कि सरकार ने शराब की हर बोतल पर सरकार ने 10 रुपये का गाय उपकर (Cow Cess) लगाने का ऐलान किया है।
1,500 डीजल बसों को बदला जाएगा
बजट पेश करते हुए सुक्खू ने कहा कि 1,000 करोड़ रुपये की लागत से 1,500 डीजल बसों को बदला जाएगा। इस तरह हिमाचल प्रदेश अपनी सार्वजनिक परिवहन प्रणाली में इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने के लिए एक आदर्श राज्य बन जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने राज्य सरकार के स्कूलों में पढ़ने वाली 20,000 लड़कियों को इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदने पर 25,000 रुपये की सब्सिडी देने की भी घोषणा की। सरकार सभी सरकारी स्कूलों को 40,000 डेस्क भी प्रदान करेगी।
जल शक्ति विभाग में 5000 नई भर्ती
मुख्यमंत्री ने जल शक्ति विभाग में कुल 5000 नई भर्ती और एक मुख्यमंत्री लघु दुकानदार योजना की घोषणा की, जिसके तहत 50,000 रुपये के ऋण पर 1 प्रतिशत ब्याज लिया जाएगा। उन्होंने शिमला के पास जाठिया देवी में नया शहर बसाने का ऐलान करते हुए बजट में इसकी डीपीआर बनाने के लिए 1373 करोड रुपए का ऐलान किया। हिमाचल में 75 साल से कोई नया शहर नहीं बसा है।
राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल खोलने की घोषणा
मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल खोलने की घोषणा की। इनमें प्री प्राइमरी से लेकर 12वीं तक शिक्षा सुविधा के साथ इंडोर व आउटडोर सुविधा होगी। स्विमिंग पुल भी बनाए जाएंगे। इस पर 300 करोड़ इस पर खर्च होगा। मुख्यमंत्री ने घोषणा की प्रतियोगी परीक्षा के लिए ब्लॉक स्तर पर पुस्तकालय स्थापित किए जाएंगे। नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी की एक्सेस व लाइब्रेरी का निर्माण होगा। राज्य के हर वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में पुस्तकालय बनेगा।
मेधावी छात्रों मिलेगा टैबलेट
मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि स्कूल व कॉलेजों के पाठ्यक्रम में बदलाव होगा। रोजगार आधारित कोर्स शुरू किए जाएंगे। शिक्षा के क्षेत्र में जो विषय पुराने हो चुके हैं उनके स्थान पर नए कोर्स शुरू होंगे। 762 स्कूलों में आईसीटी लैब बनाई जाएगी। मेधावी छात्रों को टैबलेट दिए जाएंगे।