Who is Vikramaditya Singh: राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद हिमाचल में उठा सियासी तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा है। कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य ने कैबिनेट से पद से इस्तीफा दे दिया है। इस घटनाक्रम के तुरंत में सदन में हंगामा हुआ और स्पीकर ने जयराम ठाकुर समेत बीजेपी के 15 विधायकों को सदन से निलंबित कर दिया।

‘मैं भविष्य के बारे में फैसला लूंगा’

विक्रमादित्य ने कहा कि मैं बस इतना ही कहना चाहूंगा कि मौजूदा परिस्थितियों में मेरा सरकार का हिस्सा बने रहना सही नहीं है। इसलिए मैंने फैसला किया है कि मैं मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे रहा हूं। आने वाले समय में मैं अपने लोगों के साथ परामर्श करूंगा और फिर भविष्य के बारे में फैसला करूंगा।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, विक्रमादित्य सिंह ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर अपने अपमान का आरोप लगाया है। बुधवार 28 फरवरी को रोते हुए उन्होंने अपना इस्तीफा पेश किया और कहा कि यह विधायकों की अनदेखी और असंतोष का नतीजा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनकी निष्ठा कांग्रेस पार्टी के साथ है।

वीरभद्र और प्रतिभा सिंह के बेटे हैं विक्रमादित्य

विक्रमादित्य सिंह हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे हैं। जो वर्तमान में शिमला ग्रामीण निर्वाचन क्षेत्र से विधान सभा के सदस्य हैं। वह सुक्खू सरकार में पीडब्लूडी मंत्री थे। जबकि उनकी मां प्रतिभा सिंह, मंडी लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। विक्रमादित्य सिंह ने शिमला के बिशप कॉटन स्कूल से पढ़ाई की है। इसके अलावा उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफन कॉलेज से अध्ययन किया है।

2017 में पहली बार विधायक चुने गए

2013 में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी शामिल होने के बाद विक्रमादित्य सिंह युवा कांग्रेस अध्यक्ष बने। उन्होंने 2017 तक अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी निभाई। इसके बाद साल 2017 में वो शिमला से विधायक चुने गए। 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने बीजेपी के रवि कुमार मेहता को मात दी। सुक्खू सरकार में उन्होंने लोक निर्माण विभाग का मंत्री बनाया गया, लेकिन अब उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

राजघराने से ताल्लुक रखते है विक्रमादित्य

विक्रमादित्य राजघराने से हैं। 2021 में कांग्रेस के दिग्गज नेता छह बार के सीएम रहे उनके पिता वीरभद्र सिंह के निधन के बाद विक्रमादित्य राजा बने। विक्रमादित्य सिंह का जन्म 17 अक्टूबर 1989 में हुआ था।