देश के कई इलाके झुलस रहे हैं। वक्त से पहले गर्मी की जो बरसात हुई है, उससे खेत-खलिहान असहाय हो गए हैं। देश भर में तकरीबन 100 लोगों के प्राण पखेरू इस गर्मी ने उड़ा दिए हैं। देश के कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर भी पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमोत्तर भारत को पश्चिमी विक्षोभ के चलते अगले दो-तीन दिनों में थोड़ी राहत मिलने की संभावना है लेकिन मध्य भारत और देश के अन्य हिस्सों में गर्मी बनी रहेगी। उधर दिल्ली में शनिवार को 44 डिग्री सेल्सियत तापमान के साथ मौसम का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस साल इस समय के सामान्य से छह डिग्री अधिक है। भारतीय मौसम विभाग के महानिदेशक लक्ष्मण सिंह राठौड़ ने कहा कि उत्तरी पाकिस्तान और इससे लगे इलाकों के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। यह जम्मू-कश्मीर को 16 अप्रैल शाम से प्रभावित करने लगेगा। वहां दो तीन दिनों तक प्रभाव रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ भूमध्य सागर में पैदा होता है और इससे पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल जैसे देश भी प्रभावित होते हैं।

राठौड़ ने कहा कि पश्चिमोत्तर भारत के मैदानी इलाकों में कोई महत्त्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा। अगले दो-तीन दिनों में भारत के मध्य, पश्चिमी और इससे लगे हिस्से में तापमान एक से दो डिग्री बढ़ने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र, झारखंड, पश्चिम बंगाल में गंगा वाले क्षेत्र, ओड़िशा, तेलंगाना और रायलसीमा क्षेत्र में छिट पुट स्थानों पर लू की स्थिति बने रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक तेलंगाना के अधिकांश हिस्सों में अगले दो दिनों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस बने रहने की उम्मीद है।

देश के ज्यादातर हिस्सों में इस बार गर्मी कुछ ज्यादा ही पड़ रही है। इसका सीधा सपाट कारण यह है कि देश के कई हिस्सों में आमतौर पर अप्रैल में हल्की बारिश हो जाती थी लेकिन इस बार बारिश न के बराबर हुई है। इसके चलते अप्रैल के मध्य में ही गर्मी की तपन मई अंत जैसी लग रही है। दक्षिण भारत के राज्यों में तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना तथा उत्तरी कर्नाटक में तापमान अभी कम से कम पांच डिग्री सेल्सियस और बढ़ेगा। गर्मी के कारण प्रशासन ने रांची में सभी सरकारी स्कूलों की छुट्टी दोपहर 11.30 बजे तक और निजी स्कूलों की छुट्टी दोपहर 12.30 तक करने का आदेश दिया है। गर्मी के कारण तेलंगाना में स्कूल की छुट्टियां एक हफ्ते के लिए बढ़ा दी गई हैंं। तेलंगाना में सरकारी कार्यालय सुबह 8.30 खुल रहे हैं और दोपहर एक बजे बंद हो रहे हैं।

* अगले दो-तीन दिनों में भारत के मध्य, पश्चिमी और इससे लगे हिस्से में तापमान एक से दो डिग्री बढ़ने का अनुमान है।

* पश्चिमोत्तर भारत को पश्चिमी विक्षोभ के चलते अगले दो-तीन दिनों में थोड़ी राहत मिलने की संभावना है : मौसम विभाग।

* द. भारत में तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री अधिक दर्ज, आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ेगा।

* रांची में स्कूलों के समय में बदलाव, तेलंगाना में स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाई गर्इं व सरकारी कार्यालयों का समय तक बदला गया।