उत्तर प्रदेश के हाथरस कांड के पीड़ित परिजन से मुलाकात करने जा रहे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के काफिले को ग्रेटर नोएडा पुलिस ने रोक लिया। उसके बाद वो पैदल ही हाथरस के लिए निकल गए, मगर पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। हाथरस जाने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे पर रोके गए राहुल गांधी ने पुलिस से कहा कि वो अकेले ही हाथरस जाना चाहते थे। उन्हें जाने क्यों नहीं दिया जा रहा?
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि वो उन्हें आगे नहीं जाने देंगे। अधिकारी ने कहा, ‘हम आपको यहां गिरफ्तार कर रहे हैं और गिरफ्तार करके यहां से ले जाएंगे।’ राहुल गांधी ने पूछा कि वो अकेले ही पीड़िता के घर जाना चाहते हैं तो किस कानून के तहत उन्हें जाने से रोका जा रहा है। बकौल राहुल में शांति से यहां खड़ा हूं। किस धारा में मुझे गिरफ्तार किया जा रहा है? पुलिस ने कहा कि हम एक आदेश का उल्लंघन करने के लिए आईपीसी की धारा 188 के तहत आपको गिरफ्तार कर रहे हैं।
इस बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश में जंगलराज का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ को इसकी जिम्मेदारी लेते हुए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। हाथरस कांड के पीड़ित परिजन से मुलाकात करने जा रही प्रियंका ने एक चैनल से कहा, ‘उत्तर प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है। बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। उत्तर प्रदेश में जंगलराज है।’ उन्होंने कहा, ‘मुख्यमंत्री को जिम्मेदारी लेनी चाहिए और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उत्तर प्रदेश में बहनों को न्याय नहीं मिलता। यह कोई पहली बार नहीं है। आपको याद होगा कि पिछले साल भी इसी वक्त हम उन्नाव की बेटी की लड़ाई लड़ रहे थे।’
कांग्रेस के प्रदेश मीडिया संयोजक ललन कुमार ने बताया कि प्रियंका और राहुल हाथरस कांड के पीड़ित परिवार से मुलाकात करने जा रहे थे। रास्ते में ग्रेटर नोएडा पुलिस ने उनके काफिले को परी चौक इलाके में रोक लिया। उन्होंने बताया कि यमुना एक्सप्रेस वे पर रोके जाने के बाद प्रियंका और राहुल पैदल ही हाथरस के लिए रवाना हो गए। जहां उन्हें रोका गया, वहां से हाथरस की दूरी 142 किलोमीटर है।
#WATCH Rahul Gandhi, who has been stopped at Yamuna Expressway on his way to Hathras, asks police, "I want to walk to Hathras alone. Please tell me under which section are you arresting me."
Police says, "We are arresting you under Section 188 IPC for violation of an order. " pic.twitter.com/uJKwPxauv5
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) October 1, 2020