उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक युवती से गैंगरेप और उसकी मौत के बाद विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के नेता सड़कों पर हैं। आज यानी एक अक्टूबर को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी हाथरस कांड के पीड़ित परिजन से मुलाकात के लिए निकले मगर उनके काफिले को ग्रेटर नोएडा पुलिस ने रोक लिया। उसके बाद वो पैदल ही हाथरस के लिए निकल गए, मगर पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया।

इधर टीवी चैनलों में भी हाथरस गैंगरेप मामला सुर्खियों में बना हुआ है। टीवी चैनल आजतक के एक कार्यक्रम में भाजपा और कांग्रेस प्रवक्ता में भी इस मुद्दे पर खूब तीखी नोकझोंक हुई। कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने आरोप लगाया कि भाजपा के संबित पात्रा जिम्मेदार लोगों को सस्पेंड करने बात कर रहे हैं मगर सीएम के सूचना सलाहकार को सस्पेंड नहीं किया गया जिन्होंने इसे झूठी खबर बताया था। इस बीच एंकर मीनाक्षी ने कांग्रेस प्रवक्ता से पूछा कि कांग्रेस ऐसे मुद्दों पर सेलेक्टिव चुप्पी क्यों साध लेती हैं।

उन्होंने कांग्रेस प्रवक्ता से पूछा कि ‘उत्तर प्रदेश में कुछ भी होता है कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी ट्वीट करती हैं, वहां जाने का प्रसास करती हैं। मगर जहां कांग्रेस की सरकारें हैं, वहां पर प्रियंका गांधी एक सेलेक्टिव चुप्पी साध लेती है। जनता इसका क्या मतलब समझे?’

इसके जवाब में सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश की महासचिव हैं। ऐसे में निश्चित तौर पर उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी यूपी की है। कांग्रेस नेत्री राजस्थान भी जाएंगी। अगर राजस्थान में शासन के द्वारा किसी भी तरह की क्रूरता होगी इसके खिलाफ और अधिक मजबूत तरीके से आवाज उठाएंगे।

दरअसल एंकर का इशारा राजस्थान की ऐसी ही घटनाओं पर था जिनपर कथित तौर पर कांग्रेस नेत्री ने चुप्पी साध रखी है। राजस्थान के सवाई माधोपुर में एक नाबालिग लड़की के साथ रेप की घटना सामने आई है। इस मामले में पुलिस चार लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रदेश के ही बारां में दो युवतियों ने दो युवकों पर रेप करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि झांसा देकर युवक उन्हें अलग-अलग शहरों में ले गए और रेप करते रहे। इस मामले में भी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।