पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी पत्नी गुरप्रीत कौर के साथ शादी के बंधन में बंधने के बाद पहली बार अपनी ससुराल पहुंचे। भगवंत मान की ससुराल हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा में है। जब भगवंत मान अपनी पत्नी के साथ अपने ससुराल पहुंचे, उस दौरान उनकी एक झलक पाने के लिए लोग उमड़ पड़े। कई लोग अपने घरों के छतों से खड़े होकर भगवंत मान और गुरप्रीत कौर को देख रहे थें।

पिहोवा स्थित तिलक नगर कॉलोनी में भगवंत मान के आने के कारण कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी। भगवंत मान ने उनके स्वागत में मौजूद लोगों का हाथ उठाकर अभिवादन किया और विदाई के दौरान वह लोगों से गले मिले। उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर ने भी वहां मौजूद लोगों का हाथ उठाकर अभिवादन स्वीकार किया।

बता दें कि भगवंत मान और गुरप्रीत कौर की शादी 7 जुलाई को चंडीगढ़ में भगवंत मान के सरकारी निवास पर हुई थी। यह शादी काफी सादे समारोह में संपन्न हुई थी। इस शादी में सिर्फ परिवार और आम आदमी पार्टी के कुछ ही नेताओं को आमंत्रित किया गया था। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल, उनकी पत्नी और बेटी भी समारोह में पहुंचे थें। वहीं आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह भी शादी में अपनी पत्नी के साथ पहुंचे थे।

पंजाब के आप प्रभारी राघव चड्ढा ने शादी की पूरी तैयारी का जिम्मा संभाल रखा था और वह भी पूरे समारोह के दौरान वहां मौजूद रहें। भगवंत मान की मां की भी यह इच्छा थी कि उनका बेटा एक बार फिर से अपना घर बसाये और अब जाकर उनकी इच्छा पूरी हुई।

बता दें कि भगवंत मान की पहली पत्नी से उनका 2015 में तलाक हो गया था। तलाक के बाद भगवंत मान ने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से जानकारी दी थी कि वह राजनीति के लिए अपनी पत्नी से अलग हो रहे हैं। मान की पहली पत्नी का नाम इन्द्रप्रीत कौर मान है और वह अपने बच्चों के साथ अमेरिका में रहती हैं। उनकी एक बेटा और बेटी हैं। भगवंत मान के सीएम बनने पर इन्द्रप्रीत कौर मान ने उन्हें शुभकामनाएं दी थी।