दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तिहाड़ जेल में बंद हैं। इसी साल के अंत में हरियाणा में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) भी हरियाणा चुनाव लड़ेगी। अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने हरियाणा में पार्टी के चुनाव प्रचार की कमान संभाल रखी है। सुनीता केजरीवाल ने शनिवार को हरियाणा में चुनाव प्रचार किया और बीजेपी पर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने अरविंद केजरीवाल से जुड़ी एक अहम बात बताई।
यमुनानगर के साढौरा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सुनीता केजरीवाल ने कहा, “उनका (अरविंद केजरीवाल) जन्म 16 अगस्त, 1968 को हुआ था। आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि उस दिन ‘कृष्ण जन्माष्टमी’ थी। यह संयोग नहीं हो सकता। मुझे लगता है कि भगवान उनके माध्यम से कुछ करवाना चाहते हैं।”
सुनीता केजरीवाल ने कहा कि भाजपा विकास के बारे में नहीं है और यह केवल आम आदमी पार्टी ही है जो राज्य में सरकारी अस्पतालों और स्कूलों की स्थिति में सुधार कर सकती है। उन्होंने कहा, “तीन महीने में (हरियाणा में) विधानसभा चुनाव होंगे। एक भी सीट बीजेपी को नहीं मिलनी चाहिए।”
सुनीता केजरीवाल से दिल्ली में मिलीं ममता बनर्जी, दोनों की मुलाकात काफी अहम
सुनीता केजरीवाल ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, “केजरीवाल ने बहुत सारे काम किए। मैं आपसे पूछना चाहती हूं कि क्या ऐसी कोई पार्टी है जिसने सरकारी स्कूलों और अस्पतालों की स्थिति में सुधार किया। उन्होंने दिल्ली में मोहल्ला क्लीनिक स्थापित किए और बिजली मुफ्त कर दी। ऐसा काम केवल ‘हरियाणा का लाल’ ही कर सकता है। इस वजह से (पीएम) मोदी केजरीवाल जी से नफरत करते हैं। वह (मोदी) ऐसी चीजें नहीं कर सकते।”
सुनीता केजरीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति को भाजपा ने फर्जी मामले में जेल भेजा है। उन्होंने कहा, “मोदी जी ने केजरीवाल को जेल नहीं भेजा। उन्होंने ‘हरियाणा के लाल’ को जेल में डाला। मैं हरियाणा की बहू हूं। मैं आपसे पूछना चाहती हूं कि क्या आप यह अपमान सहन करेंगी? क्या आप चुपचाप बैठेंगी? आपका केजरीवाल एक शेर है। वह मोदी के सामने नहीं झुकेंगे। यह केजरीवाल के बारे में नहीं है, यह हरियाणा के सम्मान के बारे में है।”
सुनीता केजरीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन नहीं मिल रहे हैं और राज्य में अवैध खनन बेरोकटोक जारी है। उन्होंने कहा, “भाजपा का विकास से कोई लेना-देना नहीं है। आप जानते हैं कि आप सभी टैक्स का भुगतान करते हैं। जब आप कुछ भी खरीदते हैं, तो आप जीएसटी का भुगतान करते हैं। हर कोई टैक्स का भुगतान करता है। इतने टैक्स के बावजूद भाजपा सरकार अच्छी शिक्षा, अच्छी चिकित्सा और बिजली प्रदान करने में विफल रही है।”
सुनीता ने कहा कि मेरी शादी 1994 में केजरीवाल से हुई थी। उन्होंने कहा, ”किसी ने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा कि वह दिल्ली के मुख्यमंत्री बनेंगे। यह कोई सामान्य बात नहीं है, यह किसी चमत्कार से कम नहीं है। अरविंद जी ने शून्य से शुरुआत की और उन्होंने अपनी पार्टी बनाई और दिल्ली के सीएम बने।”