Ram Rahim: रेप और हत्या के दोषी राम रहीम पैरोल पर 40 दिन के लिए बाहर आया है। उत्तर प्रदेश के बागपत आश्रम में रह रहे डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम ने बुधवार (19 अक्टूबर, 2022) को ऑनलाइन सत्संग किया है, जिसमें करनाल से काफी लोग जुड़े। इस दौरान राम रहीम ने करनाल की मेयर रेणु गुप्ता को वीडियो कॉलिंग के माध्यम से आशीर्वाद दिया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

करनाल की मेयर रेणु गुप्ता ने वीडियो कॉलिंग के माध्यम से कहा कि पिता जी (राम रहीम) आपका आशीर्वाद बना रहे। आपके स्वच्छता के संदेश से करनाल आगे बढ़ा है। आप करनाल के साथ अपना आशीर्वाद बनाए रखिए।

गुरमीत राम रहीम के सत्संग में हरियाणा से बीजेपी के बड़े नेता भी शामिल हुए। इनमें करनाल मेयर रेणु बाला गुप्ता, जिला अध्यक्ष योगेंद्र राणा, डिप्टी मेयर नवीन कुमार व सीनियर डिप्टी मेयर राजेश ने भी गुरमीत राम रहीम के संबोधन से अपनी हाजिरी लगाई। इस दौरान भाजपा नेताओं ने राम रहीम को करनाल आने का निमंत्रण भी दिया।

हरियाणा में पंचायत चुनाव और आदमपुर में होना है उपचुनाव

बता दें, हरियाणा पंचायत चुनाव और आदमपुर उपचुनाव से ठीक पहले राम रहीम को पैरोल मिली है। आदमपुर में तीन नवंबर को उपचुनाव होने हैं। पैरोल मिलने के बाद राम रहीम शनिवार सुबह बरनावा आश्रम पहुंचा था। डेरा प्रमुख के आने को लेकर उनके स्वागत में आश्रम में तैयारियां की गई थीं। वहीं, बरनावा सच्चा सौदा आश्रम पहुंचते ही डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपने अनुयायियों को संदेश दिया था। उसने सभी अनुयायियों से अनुशासन बनाए रखने के लिए कहा था।

इससे पहले राम रहीम के परिजनों ने एक महीने की पैरोल की मांग की थी, जिसके लिए परिजनों ने अधिकारियों को पत्र लिखा था। इसके बाद हरियाणा के जेल मंत्री रंजीत सिंह ने 11 अक्टूबर को आवेदन की जांच करने के दौरान कहा था कि पैरोल आवेदन की संबंधित अधिकारियों द्वारा जांच की जा रही है। निर्णय कानून के अनुसार लिया जाएगा। जिसके बाद शुक्रवार को राम रहीम की अर्जी स्वीकार कर ली गयी थी। राम रहीम इससे पहले 2021 में तीन बार और 2022 में दो बार पैरोल पर बाहर था।

अगस्त 2017 में राम रहीम को कोर्ट ने दोषी करार दिया था

बता दें, राम रहीम पर सिरसा स्थित अपने आश्रम में दो महिला अनुयायियों से बलात्कार के मामले में 20 साल की कैद की सजा काट रहा है। डेरा प्रमुख को पंचकूला की एक विशेष सीबीआई अदालत ने अगस्त 2017 में मामले में दोषी करार दिया था और पूर्व डेरा प्रबंधक रंजीत सिंह की हत्या के मामले अदालत ने उसको उम्र कैद की सजा सुनाई थी।