हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सोमवार ( 7 अक्टूबर) को कांग्रेस पर आतंकवादियों के लिए नरम रुख रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ‘‘आतंकवादियों के लिए आंसू बहाती हैं।’’ राष्ट्रवाद का पत्ता खेलते हुए खट्टर ने चुनावी रैली में अनुच्छेद 370 को लेकर विपक्ष पर खूब हमला बोला। उन्होंने कहा, ‘‘आतंकवादियों के प्रति नरम रुख रखने वाले इसे हटाने का समर्थन कैसे कर सकते हैं।’’

कांग्रेस नेता आतंकियों के मारे जाने पर बहाते हैं आंसूः खट्टर ने कहा कि भूपेन्द्र सिंह हुड्डा जैसे कांग्रेस के नेता जो अनुच्छेद 370 हटाने के केन्द्र सरकार के फैसले का समर्थन कर रहे हैं, उन्हें अपनी पार्टी का समर्थन नहीं मिल रहा है। खट्टर ने कहा, ‘‘क्यों? क्योंकि वे (कांग्रेस नेता) आतंकवादियों के मारे जाने पर आंसू बहाते हैं। सोनिया गांधी उनके शव देखकर रोती हैं। ऐसा है उनका चरित्र।’’

National Hindi News, 8 October 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक

कांग्रेस गांधी नेहरू- गांधी परिवार से आगे नहीं सोच सकतीः मुख्यमंत्री और भाजपा नेता मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि मोदी सरकार ने दुनिया भर में भारत के कद को बढ़ाया है क्योंकि उनके लिए देश हमेशा सबसे ऊपर है जबकि कांग्रेस की सोच गांधी- नेहरू परिवार से आगे नहीं बढ़ पाती है।

21 अक्टूबर को होंगे विधानसभा चुनावः खट्टर ने अंबाला जिले के नारायनगढ़ में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘जब हम कहते हैं कि किसे प्राथमिकता दी जानी चाहिए, हम कहते हैं कि देश हमेशा सबसे पहले आता है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस अपने नेताओं को पहले रखती है। हम कहते हैं भारत माता की जय, लेकिन कांग्रेस में कुछ लोग कहते हैं सोनिया माता की जय’। गौरतलब है कि राज्य में 21 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव होना है और खट्टर पूरे जोर-शोर से चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं।