हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा को मुश्किल में डालने वाले एक कदम में सीबीआइ ने पंचकूला में औद्योगिक भूखंडों के आबंटन में कथित अनियमितता के लिए एक मामला दर्ज किया है। उस समय हुड्डा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकार (हुडा) के अध्यक्ष थे। हुड्डा ने इस कदम को व्यक्तिगत प्रतिशोध बताया। हरियाणा सतर्कता ब्यूरो ने यह मामला सीबीआइ को सौंपा था।
इस मामले में हुडा के तत्कालीन अध्यक्ष, तीन पूर्व नौकरशाह, 13 लाभार्थी और प्राधिकार व राज्य सरकार के अज्ञात अधिकारियों का नाम लिया गया है। मुख्यमंत्री हुडा के अध्यक्ष होते हैं। सीबीआइ ने 16 मई को मामला दर्ज करने के बाद पूर्व नौकरशाहों और उन लाभार्थियों के खिलाफ 16 स्थानों पर छापे मारे थे जिन्होंने पंचकूला में औद्योगिक भूखंड हासिल करने के लिए कथित तौर पर अपने संपर्कों का इस्तेमाल किया था। इन स्थानों में चंडीगढ़, पंचकूला, फरीदाबाद, दिल्ली, गुड़गांव, करनाल, कुरुक्षेत्र और रोहतक शामिल हैं।
प्राथमिकी के अनुसार कथित रूप से आबंटन प्रावधानों का उल्लंघन कर 14 लोगों को औद्योगिक भूखंड दिए गए। इनमें आवेदन की आखिरी तारीख खत्म होने के बाद भी आवेदन जमा करने देने की अनुमति देना शामिल है। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि जिन 14 लोगों को औद्योगिक भूखंड आबंटित किए गए, उन्होंने अपने आवेदन 24 जनवरी, 2012 को जमा कराए थे जबकि इसकी आखिरी तारीख छह जनवरी 2012 थी।
सीबीआइ के कदम पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने इसे व्यक्तिगत प्रतिशोध बताया और आरोप लगाया कि राज्य की भाजपा नीत सरकार ध्यान भटकाने की रणनीति अपना रही है। उन्होंने कहा कि वे लोग अब तक किए गए वादों में एक को भी पूरा नहीं कर सके हैं। इसलिए वे ऐसे मामलों के जरिए लोगों का ध्यान बंटा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पंजाब व हरियाणा हाई कोर्ट के आदेश की प्रतीक्षा कर सकती थी जहां मामला पहले से ही लंबित है।
हुडा के अध्यक्ष के अलावा प्राथमिकी में सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी डीपीएस नगल, एससी कंसल और बीबी तनेजा के भी नाम लिए गए हैं। नगल उस समय हुडा के मुख्य प्रशासक थे जबकि कंसल तत्कालीन वित्त नियंत्रक व तनेजा हुडा के तत्कालीन उपाधीक्षक थे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राज्य सतर्कता ब्यूरो को पंचकूला भूखंड मामले में प्राथमिकी दर्ज का आदेश दिया था। यह मामला भ्रष्टाचार निवारण कानून और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है