हिंदी पाठकों के बीच सबसे लोकप्रिय अंग्रेजी लेखकों में शुमार चेतन भगत का नाम अब किसी परिचय का मोहताज नहीं है। 22 अप्रैल 1974 को जन्मे चेतन अब 45 साल के हो गए हैं। कई बेस्ट सेलिंग बुक्स के लेखक चेतन भगत की अपनी जिंदगी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। चेतन की पुस्तकों पर कई फिल्में बनीं। फिल्म ‘काई-पो-चे’ के लिए तो उन्हें 2014 में फिल्म फेयर अवॉर्ड भी मिला था, लेकिन उनकी किताब पर बनी एक फिल्म ऐसी भी है, जो उनकी खुद की लव स्टोरी के बेहद करीब है।
यूं शुरू हुई थी चेतन-अनुषा की लव स्टोरीः आईआईएम अहमदाबाद, यही वो जगह थी, जहां चेतन पहली बार अनुषा से मिले थे। 1995 में चेतन भगत और अनुषा सूर्यनारायण ने यहां एडमिशन लिया था। अनुषा कहती हैं कि उन दिनों चेतन कैंपस में खासे चर्चित रहते थे। उनके मजाकिया और सकारात्मक अंदाज ने अनुषा को आकर्षित कर लिया। वहीं, चेतन बताते हैं, ‘अनुषा से नजदीकियों के लिए कैंपस के कई लड़के कोशिश करते थे। वह बेहद सादगी पसंद शख्सियत हैं।’
National Hindi News, 22 April 2019 LIVE Updates: दिनभर की बड़ी खबरों के लिए क्लिक करें
20 साल बाद भी खूबसूरत मिसाल है यह रिश्ताः अनुषा तमिल ब्राह्मण परिवार थीं और चेतन पंजाबी परिवार से ताल्लुक रखते थे। इस दोस्ती से दोनों ही परिवार खुश नहीं थे। चेतन के मुताबिक, अनुषा का साउथ इंडियन होना, उनके परिवार के लिए सबसे बड़ा मुद्दा था। ठीक यही बात अनुषा के परिवार के साथ भी थी कि चेतन पंजाबी परिवार से थे, न तो ब्राह्मण थे और न ही तमिलनाडु के थे। बहरहाल तमाम अड़चनों के बावजूद 1999 में दोनों ने एक-दूसरे से शादी कर ली। शादी के 20 साल बाद भी दोनों का रिश्ता बेहद खूबसूरती के साथ एक मिसाल पेश करता है।

अनुषा हैं चेतन की सबसे बड़ी आलोचकः अनुषा अपने पति चेतन की किताबों की सबसे बड़ी आलोचक हैं, लेकिन जब अच्छी-खासी जॉब से किनारा करके वह लेखक बनने की तरफ बढ़ रहे थे तो लीक से हटकर लिए गए इस फैसले में उन्हें पहला साथ अनुषा का ही मिला था। चेतन-अनुषा की यह लव स्टोरी उनके चर्चित नॉवेल ‘2 स्टेट्स’ में काफी हद तक झलकती है। हालांकि, इस पर बनी फिल्म ‘2 स्टेट्स’ में थोड़ा-बहुत बदलाव किया गया था, लेकिन फिर भी मोटे तौर पर यह फिल्म उनकी ही लव स्टोरी को दिखाती है। फिल्म में आलिया भट्ट और अर्जुन कपूर ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं।
ये हैं चेतन की चर्चित पुस्तकेंः स्क्रीनराइटर, कॉलमनिस्ट और मोटिवेशनल स्पीकर चेतन भगत की लिखी पुस्तकें फाइव पॉइंट समवन, हाफ गर्लफ्रेंड, द थ्री मिस्टेक्स ऑफ माय लाइफ, वन इंडियन वूमन, वन नाइट एट कॉल सेंटर, रिवॉल्यूशन 2020, व्हाट यंग इंडिया वॉन्ट्स, मेकिंग इंडिया ऑसम, द गर्ल इन रूम खासी लोकप्रिय हैं। इनमें से 5 किताबों पर बॉलीवुड ने फिल्में बनाई हैं। ये किताबें फाइव पॉइंट समवन (थ्री इडियट्स), हाफ गर्लफ्रेंड (हाल गर्लफ्रेंड), द थ्री मिस्टेक्स ऑफ माय लाइफ (काई-पो-चे), वन नाइट एट कॉल सेंटर (हैलो) और 2 स्टेट्स (2 स्टेट्स) हैं।

