गुजरात और हिमाचल प्रदेश में इसी वर्ष के अंत में विधानसभा चुनाव है और राजनीतिक दल पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। वहीं कांग्रेस ने दोनों राज्यों के चुनाव से पहले एक बड़ा वादा कर दिया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि अगर हिमाचल प्रदेश और गुजरात में कांग्रेस की सरकार बनती है, तो दोनों राज्यों में पुरानी पेंशन योजना फिर से लागू की जाएगी।

प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि उनकी सरकार ने बुजुर्गों का सहारा छीन लिया है। प्रियंका ने ट्वीट करते हुए लिखा, “भाजपा सरकार ने पुरानी पेंशन ख़त्म करके बुजुर्गों का सहारा छीन लिया था। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सरकारों ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ में पुरानी पेंशन बहाल कर दी है। गुजरात और हिमाचल में भी कांग्रेस की सरकार बनते ही पुरानी पेंशन बहाल की जाएगी।”

वहीं प्रियंका गांधी के वादे पर सोशल मीडिया यूजर भी चर्चा कर रहे हैं। जबकि कुछ यूजर सवाल उठा रहे हैं। विवेक कुमार भारद्वाज नाम के ट्विटर यूजर ने पूछा, “राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कितनों को पुरानी पेंशन मिल रही है, गांधी जी बताओ?” अमरेश नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा, “अबतक कहां थीं मैडम? यात्रा कहां से कहां पहुंच गई। राहुल बाबा अकेले नदी में नांव चला रहे हैं और फोटो भी अकेले खिंचवा रहे हैं।”

सर्वेश नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा, “10 साल कांग्रेस की सरकार रही तब कहाँ थे आपलोग? नेतागिरी करिये, नौटंकी मत कीजिए।” वहीं सुरेंद्र सिंह नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा, “31 मार्च 2005 को पुरानी पेंशन बंद हुई थी, उस समय तो आपकी पार्टी की सरकार थी। लोगों को बेवकूफ बनाना बंद करें।”

वहीं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी गुजरात और हिमाचल में पुरानी पेंशन बहाल करने का वादा किया है। उन्होंने मंगलवार को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कहा, “पुरानी पेंशन ख़त्म कर भाजपा ने बुज़ुर्गों को आत्मनिर्भर से निर्भर बना दिया। देश को मज़बूत करने वाले सरकारी कर्मचारियों का हक़ है पुरानी पेंशन। हमने राजस्थान, छत्तीसगढ़ में पुरानी पेंशन बहाल की है। अब गुजरात में भी कांग्रेस सरकार आएगी तो पुरानी पेंशन लाएगी।”