देशभर में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है, क्योंकि स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से हर घर तिरंगा अभियन का समर्थन करने की अपील की है और अपने घरों की छतों पर तिरंगा लगाने की अपील की है। वहीं हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने केंद्र सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सभी से अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने का अनुरोध करते हुए एक सर्कुलर जारी किया है।
सर्कुलर में कहा गया है कि सभी से अनुरोध है कि 13 से 15 अगस्त 2022 की अवधि के दौरान अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराएं, जिससे सरकार के इस ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को बड़ी सफलता मिल सके।
सर्कुलर में यह भी कहा गया है, “राष्ट्रीय ध्वज पूरे राष्ट्र के लिए राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना पैदा करने और राष्ट्र निर्माण के लिए अथक परिश्रम करने वालों के योगदान को याद दिलाने के लिए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया गया है। सरकार ने 13 से 15 अगस्त 2022 की अवधि के दौरान प्रत्येक भारतीय नागरिक को अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए मंजूरी दी है।”
वहीं पीएम मोदी के हर घर तिरंगा अभियान के तहत गुजरात के पूर्व डिप्टी सीएम नितिन पटेल तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए मेहसाणा के कडी गए हुए थे, लेकिन एक गाय के हमले में वह घायल हो गए। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुँचाया गया।
पूर्व डिप्टी सीएम नितिन पटेल 2 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा में हिस्सा ले रहे थे और यात्रा के दौरान ही एक गाय अचानक से भीड़ में घुस आई और उसने डिप्टी सीएम नितिन पटेल पर अपनी सींग से हमला कर दिया। इसके बाद तुरंत नितिन पटेल को हॉस्पिटल ले जाया गया। उनके पैरों में हल्की चोटें आई हैं। कडी में प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें फिर से अहमदाबाद लाया गया।
बता दें कि देशभर में बीजेपी नेता और कार्यकर्ता तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं और इसमें केन्द्रीय मंत्री भी हिस्सा ले रहे हैं। आज केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी अपने घर पर तिरंगा लगाया है।