गुजरात विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी जोर-शोर से प्रचार करने में लगी है। अब पार्टी ने चुनाव प्रचार के लिए जादूगरों का सहारा लेने का फैसला किया है। पार्टी ने 36 जादूगरों की टीम बनाई है, जो कि प्रदेश की 144 ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के लिए प्रचार करेंगे। एक जादूगर ने अपनी कला का प्रदर्शन अहमदाबाद में पार्टी के मीडिया सेंटर में किया। इस कैंपन का नाम ‘विकास का जादू’ रखा गया है। गुजरात में 182 विधानसभा सीटों के लिए 9 और 14 दिसंबर को दो चरणों में विधानसभा चुनाव हैं। चुनाव के परिणामों को एलान 18 दिसंबर को किया जाएगा।

‘विकास का जादू’ कैंपन को कांग्रेस के ‘विकास पागल हो गया’ कैंपन के जवाब में देखा जा सकता है। बता दें, कांग्रेस पार्टी गुजरात में ‘विकास पागल हो गया’ कैंपन चला रही है। इस कैंपन के तहत भारतीय जनता पार्टी, राज्य सरकार और केंद्र सरकार पर निशाना साधा जा रहा है। इसके साथ ही भाजपा के ‘विकास’ के वादों पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

यहां देखें वीडियो-

कांग्रेस पार्टी का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी ने केवल विकास का वादा किया था, लेकिन विकास कहीं दिख नहीं रहा। कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी अपनी पार्टी के लिए गुजरात में जोर-शोर से मेहनत कर रहे हैं। राहुल गांधी ने पूरे गुजरात में सैंकड़ों सभाओं को संबोधित किया है, जिसमें नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार पर उन्होंने करारा निशाना साधा है।

प्रचार के दौरान राहुल गांधी ने जीएसटी और नोटबंदी को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखे निशाने साधे हैं। उन्होंने जीएसटी को ‘गब्बर सिंह टैक्स’ करार दिया है। वहीं नोटबंदी को लेकर उन्होंने कहा कि इससे बड़े लोगों को फायदा मिला है और गरीब आदमी मारा गया है। राहुल गांधी ने कहा कि नोटबंदी बड़े लोगों के कालेधन को सफेद करने के लिए लागू किया गया है। गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। कांग्रेस के पास पाटीदार समुदाय का भी समर्थन है, ऐसे में कांग्रेस मजबूत होती दिख रही है।