अग्निपथ स्कीम के विरोध में पूरे देश में बवाल मचा है। करोड़ों की संपत्ति का नुकसान सरकार को झेलना पड़ रहा है तो फिर भी लोग शांत नहीं हो रहे। ऐसे में बाबा रामदेव ने विरोध कर रहे लोगों को देशद्रोही तक करार दिया है। मोदी सरकार की स्कीम का समर्थन कर रामदेव बोले कि ऐसे लोग गांधी जी के अहिंसा के देश के नागरिक नहीं हैं। ये राष्ट्रविरोधी हैं, क्योंकि ये हमारी राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं।

गुजरात पहुंचे रामदेव बोले कि अग्निवीर तैयार करने की स्कीम सरकार ने सोच समझकर तैयार की है। इससे सेना और देश दोनों का भला होगा। उनका कहना था कि स्कीम का विरोध क्यों हो रहा है ये बात वो नहीं समझ पा रहे हैं। उनका कहना था कि हिंसा और प्रदर्शन तत्काल प्रभाव से रुकना चाहिए। ध्यान रहे कि रामदेव अक्सर मोदी सरकार के पक्ष में खड़े दिखते हैं। वो ऐेसे माहौल में भी बीजेपी का समर्थन कर रहे हैं जब सारे देश में उबाल है। युवा सड़कों पर उतरकर संघर्ष कर रहा है। जगह जगह आगजनी की घटनाएं देखने को मिल रही हैं।

पाटीदार समाज के एक कार्यक्रम में पहुंटचे रामदेव ने कहा कि नरेंद्र मोदी आज देश के पीएम हैं तो वो इस वजह से नहीं कि वो धनी परिवार से थे। उन्होंने संघर्ष से ये मुकाम हासिल किया। एक समय दिल्ली की (मनमोहन सिंह) सरकार ने उनको लटकाने की कोशिश भी की। लेकिन उनकी हिम्मत के आगे सरकार को झुकना पड़ा। वो उनको खत्म करना चाहती थी।

रामदेव ने उस लम्हे को भी याद किया जब दिल्ली की मनमोहन सरकार ने अमित शाह को गुजरात में घुसने से रोक दिया था। तब वो राम जेठ मलानी से मिले थे। उस दौरान वो भी पीड़ित थे और हम भी। उन्होंने पाटीदारों को शौर्यवान बताते हुए कहा कि उन्हें एकजुट होकर रहना चाहिए। ये बेहद जरूरी है।

नूपुर शर्मा मामले पर बाबा ने कहा कि बीजेपी की पूर्व प्रवक्ता को ऐसा नहीं बोलना चाहिए था। किसी के पैगंबर का अपमान गलत है। लेकिन वो ये भी बोले कि हमारे पूर्वजों को इतना कुछ कहा जाता तो कुछ नहीं होता। लेकिन उनके पैगंबर के समर्थन में पूरी दुनिया ही खड़ी हो गई। नूपुर ने जो कहा वो तैश में की हुई बात थी। वो दूसरे प्रवक्ता के आरोप का जवाब दे रही थीं।