एक तरफ दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने गुजरात में रोड शो करके राजनीतिक पारा ऊपर चढ़ा दिया है। वहीं बीजेपी ने रोडशो को अधिक तवज्जो नहीं दी है। बीजेपी के मंत्री जीतू वाघानी ने तंज कसते हुए केजरीवाल को एक बड़े शहर का मेयर बताया। केजरीवाल ने पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ मिलकर आज रोडशो निकाला था। उन्होंने लोगों से अपील थी कि उन्हें वो एक मौका दें, करप्शन खत्म कर देंगे।
वाघानी ने कहा कि केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जैसे आम आदमी पार्टी के नेता पर्यटक थे और रहेंगे। गुजरात के लोग भाजपा से प्यार करते हैं। वाघानी ने तंज कसते हुए कहा कि गुजरात सभी का स्वागत करता है। लेकिन गुजरात के लोग भाजपा के अलावा किसी और से प्यार नहीं करते हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में, हम 2022 का चुनाव जीतेंगे। केजरीवाल एक पर्यटक हैं। वो एक बड़े शहर के मेयर भर हैं।
गुजरात भाजपा प्रमुख सीआर पाटिल ने कहा कि वो राज्य में बहुत मजबूत हैं। लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्यार है। उन्होंने स्थानीय निकाय चुनाव में आप के बड़ी संख्या में उम्मीदवारों की जमानत जब्त होने की ओर इशारा करते हुए कहा कि भाजपा पिछले 27 साल से राज्य में सत्ता में है। लोगों से जुड़ाव के कारण उसने एक के बाद एक चुनाव जीते हैं। आप के नेताओं की गुजरात में कैसे कई सीटों पर जमानत जब्त हुई गई, सभी को पता है। पाटिल ने कहा कि भाजपा मजबूती से आगे बढ़ रही है, जिसे पार्टी कार्यकर्ताओं का लोगों से जुड़ाव और उनका भरोसे का साथ है। हम नरेंद्र मोदी के लिए लोगों के प्यार और विश्वास के साथ आगे बढ़ेंगे।
उधर, आप नेता इसुदान गढ़वी ने पलटवार करते हुए कहा कि आज जब मुख्यमंत्री केजरीवाल और भगवंत मान गुजरात का दौरा कर रहे हैं, तो राज्य के मंत्री जीतू वाघानी ने एक घटिया बयान दिया है। उनका सवाल था कि इतना अहंकार। गढ़वी ने कहा कि ये अरविंद केजरीवाल का नहीं बल्कि गुजरात के लोगों, इसकी संस्कृति का अपमान है। समय आने पर लोग इसका जवाब देंगे।