Gujarat Local Body Election Results 2021: गुजरात में सत्तारूढ़ भाजपा को बंपर जीत मिली है। उसे सभी 31 जिला पंचायतों, 81 नगरपालिकाओं में से 75 पर जीत हासिल की है। इतना ही नहीं पार्टी 231 में से 200 तालुका पंचायतों में भी अपनी मुख्य प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस पर जीत दर्ज कर चुकी है। राज्य में दूसरे चरण के निकाय चुनाव में ज्यादातर सीटों पर मतों की गिनती अब खत्म हो चुकी है।
दूसरी तरफ कांग्रेस को इन चुनावों में बड़े झटके लगे हैं। तालुका पंचायतों की 4774 सीटों में भाजपा को 3351 सीटें मिली हैं, वहीं कांग्रेस को 1252 सीटें मिली हैं। दूसरी तरफ महानगरपालिका में भाजपा को 2720 में 2085 सीटें मिली हैं, जबकि कांग्रेस सिर्फ 388 सीट ही जीत पाई है। कांग्रेस की बड़ी हार के बाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित चावड़ा ने इस्तीफे की घोषणा की है। उनके अलावा नेता प्रतिपक्ष परेश धनानी ने भी हार की जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ने का ऐलान किया। बता दें कि इससे पहले गुजरात में पिछले महीने हुए निकाय चुनावों के पहले चरण में भाजपा ने सभी छह नगर निगमों में जीत हासिल की थी।
भाजपा और कांग्रेस के अलावा इस चुनाव के जरिए गुजरात में आम आदमी पार्टी और असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM ने भी दस्तक दे दी है। जहां आप ने राज्य में कुल मिलाकर 42 सीटें जीतीं, वहीं AIMIM ने 17 सीटों पर कब्जा जमाया। हालांकि, आम आदमी पार्टी की जीत पर गुजरात के सीएम विजय रूपाणी ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि हजारों सीटों में से कुछ जीतना कोई मायने नहीं रखता। उन्होंने कहा, ‘‘निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी से अधिक सीटें जीती हैं।”
चुनाव में हारे बड़े चेहरे: जहां एक तरफ गुजरात के निकाय चुनाव में भाजपा की जीत का सिलसिला जारी है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के कई विधायकों के बेटे चुनाव हार गए है्ं। सबसे बड़ा झटका आनंद जिले के पेटलाड से तीन बार के कांग्रेस विधायक निरंजन पटेल को लगा है। उन्हें पेटलाड नगरपालिका के वार्ड संख्या दो और पांच से हार मिली है। उनके बेटे सौरभ पटेल भी हार गए हैं। इसके अलावा सात अन्य विधायकों के बेटों को पराजय का सामना करना पड़ा है।

Highlights
गुजरात कांग्रेस नेता अमित चावड़ा और परेश धनानी ने चुनाव नतीजों के बाद पद से इस्तीफा दिया है।
गुजरात में छह नगर निगमों में बड़ी जीत के बाद, भाजपा ने राज्य में जिला पंचायतों, तालुका पंचायतों और नगरपालिकाओं के चुनावों में जीत हासिल की है।
पिछले चुनावों की तुलना में इस बार भाजपा ने पाटीदारों के गढ़ उत्तर गुजरात और सौराष्ट्र में भी कांग्रेस पर बढ़त बना ली है। पिछले चुनावों में जिला पंचायत की 31 में से 22 सीटें जीतने वाली कांग्रेस अबकी बार यहां एक भी सीट नहीं जीत सकी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृहनगर वडनगर तालुका पंचायत की मोलीपुर सीट पर आम आदमी पार्टी ने के प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। नजरभाई गुडाल यहां 300 मतों से विजयी हुए हैं। पहली बार इन निकायों में चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी 42 सीटें जीत ली है। बता दें कि इससे पहले आप ने सूरत महानगरपालिका चुनाव में भी 27 सीटें जीती थीं।
कांग्रेस की गुजरात में करारी हार के बाद पार्टी नेतृत्व को प्रदेशाध्यक्ष अमित चावड़ा और नेता प्रतिपक्ष परेश धनानी के इस्तीफे प्राप्त हो गए हैं। अब इन नेताओं के प्रतिस्थापन पर फैसला करना पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर निर्भर है।’’ बताया गया है कि कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने चावड़ा और धनानी को तब तक अपने पद पर बने रहने के लिए कहा है जब तक उनकी जगह लेने वाले की घोषणा नहीं हो जाती। माना जा रहा है कि हार्दिक पटेल अब गुजरात में कांग्रेस के अगले प्रदेशाध्यक्ष हो सकते हैं।
गुजरात निकाय चुनावों में कई बड़े चेहरों की भी हार हुई है। अर्जुन मोढवाडिया के भाई की निकाय चुनाव में करारी हार मिली। गुजरात कांग्रेस के विधायक निरंजन पटेल अपने ही चुनावी क्षेत्र में हारे। निरंजन पटेल के बेटे भी हारे। खेदब्रह्मा के कोंग्रेस विधायक अश्विन कोटवाल के बेटे हारे। तारापुर के कोंग्रेस विधायक पूनम परमार के बेटे विजय भी हारे। कोंग्रेस विधायक विक्रम माडम के बेटे करण माडम को भी द्वारका जिला पंचायत चुनाव में हार का मुंह देखना पड़ा है।
गुजरात कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अमित चावड़ा ने पार्टी की करारी हार के बाद कहा है कि लोगों ने ईवीएम पर संदेह जताया है। उन्होंने इन सभी चीजों की जांच की मांग की। दूसरी तरफ पार्टी के एक प्रवक्ता ने कहा कि भविष्य के कदम के बारे में फैसला अब कांग्रेस के शीर्ष पदाधिकारियों को करना है।
गुजरात के भावनगर जिले के सनोदर गांव में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत के जश्न में कथित रूप से शामिल कुछ लोगों ने मंगलवार को एक दलित व्यक्ति की हत्या कर दी। भावनगर एससी/एसटी प्रकोष्ठ के पुलिस उपाधीक्षक दिनेश कोडियाटर ने बताया कि मृतक का नाम अमरभाई बोरिचा (50) था और वह घोघा तालुका के सनोदर का निवासी था। जीत के जश्न में आयोजित जुलुस का नेतृत्व कथित तौर पर वनराजसिंह गोहिल कर रहे थे जिनकी पत्नी मनीषा घोघा तालुका पंचाचत में सनोदर सीट से कांग्रेस के टिकट पर विजयी हुई हैं।
पिछले चुनावों की तुलना में इस बार भाजपा ने पाटीदारों के गढ़ उत्तर गुजरात और सौराष्ट्र में भी कांग्रेस पर बढ़त बना ली है। पिछले चुनावों में जिला पंचायत की 31 में से 22 सीटें जीतने वाली कांग्रेस अबकी बार यहां एक भी सीट नहीं जीत सकी।
साल 2022 के विधानसभा चुनावों से पहले विजय रूपाणी के लिए स्थानीय निकाय चुनावों के परिणाम एक प्रोत्साहन के रूप में आये हैं। 2017 के विधानसभा चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन के बाद उनके नेतृत्व पर सवाल उठाए गए थे। गुजरात भाजपा प्रमुख पाटिल ने कहा कि लोगों ने 2015 के स्थानीय निकाय चुनावों में भी पार्टी को इतनी सीटें नहीं दी थीं, ‘लेकिन 2021 में लोगों ने अपने प्यार को ब्याज के साथ लौटा दिया है।
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने पार्टी की ‘‘अभूतपूर्व’’ जीत का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा ने पूरे राज्य में जीत हासिल की है, चाहे वह आदिवासी क्षेत्र हो, सौराष्ट्र या मध्य, उत्तर या दक्षिण गुजरात में हो, जबकि कांग्रेस का लगभग सफाया हो गया है। उन्होंने कहा, ‘‘चुनावों के परिणामों ने साबित कर दिया है कि गुजरात भाजपा का गढ़ था ... यह भाजपा का गढ़ है, और यह भाजपा का गढ़ रहेगा।’’ आप के प्रदर्शन पर, रुपाणी ने कहा कि हजारों सीटों में से कुछ जीतना कोई मायने नहीं रखता। उन्होंने कहा, ‘‘यहां तक कि निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी से अधिक सीटें जीती हैं।’’
कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल ने निकाय चुनाव में कार्यकर्ताओं की हार पर कहा कि चाहे किसी नेता की जीत हुई हो या हार, उन्हें कल से ही लोगों के लिए काम करना शुरू कर देना चाहिए। उन्होंने कहा, "कांग्रेस मजबूत विपक्ष बनेगी और अपना संघर्ष गलियों तक लेकर जाएगी। हम लोगों का भरोसा फिर जीतेंगे। इन्हीं गलियों से हम विधानसभा तक कांग्रेस खुद को विपक्ष की तरह पेश करेगी।"
असदुदीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने अरावली जिले के मोडासा नगरपालिका में नौ सीटें जीती। पार्टी की सबसे चौंकाने वाली जीत गोधरा में रही, यहां उसने आठ सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और उसे सात पर जीत मिली। इसके साथ ही AIMIM को एक सीट भरूच में भी मिली है।
नवसारी नगरपालिका के वार्ड नंबर 2 में आम आदमी पार्टी ने फिर से वोटों की गिनती की मांग की है।
सूरत जिले के बारडोली नगरपालिका में भाजपा दो तिहाई बहुमत की ओर बढ़ रही है, कुल 36 सीट में भाजपा 20 सीटों पर जीत मिल चुकी है।
गुजरात के सौराष्ट्र में 2 क्षेत्रों में आम आदमी पार्टी की जीत हुई है, कालावाड तालुका पंचायत की एक और धारी तालुका पंचायत की एक सीट पर AAP प्रत्याशी को जीत मिली है।
तालुका पंचायत की कुल 4,774 सीटों में से 2612 सीटों के नतीजे घोषित हो चुके हैं। बीजेपी-1938, कांग्रेस-500, आप-24, अन्य-150 सीट।
जिला पंचायत की कुल 980 सीटों में से 667 के नतीजे आ चुके हैं। बीजेपी-520, कांग्रेस-95, अन्य-50, आप-2
नवसारी की गणदेवी नगरपालिका में भगवा लहराया, कुल 24 सीटों में सभी पर भाजपा की जीत, कांग्रेस का सफाया।
वापी तालुका पंचायत पर बीजेपी का कब्जा, 20 सीट में से 10 पर बीजेपी की जीत।
सूरत जिले के बारडोली के बाद कडोदार नगरपालिका में भी भगवा लहराया, कुल 28 सीट में से 27 सीट पर भाजपा जीती, कांग्रेस को केवल1 सीट पर मिली जीत।
वलसाड जिले की उमरगांव नगरपालिका पर भारतीय जनता पार्टी का कब्जा हो गया है, वहां पर भाजपा को 21 सीटों पर जीत मिली है जबकि 7 पर कांग्रेस के प्रत्याशी जीते हैं। वलसाड जिला पंचायत की 38 सीटों में से एक सीट निर्विरोध पहले ही भाजपा के खाते में हैं और 30 सीटों पर जीत मिली है, वहां कांग्रेस के खाते में 2 सीटें गई हैं।
वलसाड जिले की तालुका पंचायत की कुल 158 सीटों में भाजपा को 121 सीटों पर जीत मिली है और 5 सीट पहले ही उसके पास निर्विरोध है, कांग्रेस के खाते में 11 सीटें गई हैं जबकि अन्य के खाते में 4 सीटें हैं।
गोधरा नगरपालिका के 6 वार्डो की 28 सीटों के परिणाम आ चुके हैं जिनमें 14 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी की जीत हुई है जबकि 12 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी जीते हैं और 2 सीटों पर असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम के प्रत्याशियों की जीत हुई है।
सूरत जिले की कडोदार नगरपालिका की कुल 28 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी को 27 पर जीत मिली है जबकि 1 सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी की जीत हुई है। सूरत की वारडोली नगरपालिका की 36 सीटों में से 32 पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी जीते हैं जबकि 3 पर कांग्रेस और एक पर निर्दलीय की जीत हुई है। तरसडी नगरपालिका की सभी 28 सीटें भारतीय जनता पार्टी के खाते में गई हैं और मांडवी नगरपालिका की 24 में से 22 सीटों पर भाजपा की जीत हुई है और एक सीट कांग्रेस तथा एक निर्दलीय को मिली है।
कांग्रेस केवल 1,768 सीटें जीत पायी और अभी तक केवल तीन नगरपालिकाओं में जीत हासिल कर सकी है। कांग्रेस एक भी जिला पंचायत नहीं जीत सकी लेकिन कुछ तालुका पंचायतों में आगे है।
गुजरात में हुए स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा की जीत का सिलसिला जारी है। दूसरी तरफ कांग्रेस के कई विधायकों के बेटे चुनाव हार गए है्ं। सबसे बड़ा झटका आनंद जिले के पेटलाड से तीन बार के कांग्रेस विधायक निरंजन पटेल को लगा है। उन्हें पेटलाड नगरपालिका के वार्ड संख्या दो और पांच से हार मिली है। उनके बेटे सौरभ पटेल भी भाजपा से हार गए हैं। इसके अलावा सात अन्य विधायकों के बेटों को पराजय का सामना करना पड़ा है।
खेडब्रह्मा से कांग्रेस विधायक अश्विन कोतवाल के बेटे यश कोतवाल को भी साबरकांठा के आदिवासी बहुत विजयनगर तालुका पंचायत के चैतरिया से हार मिली है। भिलोडा से कांग्रेस विधायक अनिल जोशियारा के बेटे केवल को भी अरावली जिले के भिलोड़ा तालुका पंचायत के उपसल सीट से हार का स्वाद चखना पड़ा है।
मोदी ने भाजपा के प्रति स्नेह और विश्वास बनाए रखने के लिए जनता का आभार जताया। मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘गुजरात में नगरपालिका, तालुका पंचायत और जिला पंचायत के चुनाव के परिणामों से संदेश साफ है कि राज्य की जनता भाजपा के विकास और सुशासन के एजेंडे के साथ मजबूती से खड़ी है।
गुजरात के बोरसद में चुनाव परिणाम आने के साथ ही सियासी हंगामा भी शुरू हो गया है। पार्टी समर्थकों के हुड़दंग पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इससे वहां भगदड़ मच गई। इस दौरान लोगों के भागने पर कई लोग घायल हो गए।
नगर पालिकाओं में बीजेपी ने अब तक 803 सीटें और कांग्रेस ने 159 सीटें जीती हैं। जिला पंचायतों में भाजपा ने अब तक 803 सीटें और कांग्रेस ने 55 सीटें जीती हैं। तालुका पंचायतों में बीजेपी ने अब तक 1,036 सीटें और कांग्रेस ने 388 सीटें जीती हैं।
गुजरात नगर निकाय चुनाव के नतीजों के लिए मतगणना फिलहाल जारी है, जबकि कुछ जगह रिजल्ट आ रहे हैं। अब तक के रुझानों/नतीजों के हिसाब से बीजेपी सबसे आगे चल रही है।
ताजा जानकारी के मुताबिक, भरूच नगर निगम में बीजेपी ने 12 सीटें तो कांग्रेस ने आठ सीटें हासिल कर ली हैं। वहीं, तालुका पंचायत चुनाव में बीजेपी ने 358 सीटें जीत ली हैं, जबकि कांग्रेस के खाते में 94 सीटें तो अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप के पास चार सीटें आ चुकी हैं।
इसी बीच, खबर है कि बीजेपी 358 तालुका पंचायत सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है, जबकि कांग्रेस को सिर्फ 94 पर विजय मिली है। वहीं, आप के खाते में महज चार सीटें आई हैं।
गुजरात में 81 नगर निगम, 31 जिला पंचायत और 231 तालुका पंचायत के लिए हुए चुनावों की मतगणना फिलहाल जारी है। टीवी रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुरुआती रुझानों में बीजेपी आगे चल रही है। सुबह 11 बजे तक 500 सीटों पर रुझान आए हैं, जिनमें 392 पर भाजपा आगे चल रही है, जबकि 125 सीटों पर कांग्रेस बढ़त लिए है।
बता दें कि ये चुनाव रविवार को हुए थे, जिसमें नगर निकायों में 58.82 फीसदी मतदान हुआ था, वहीं जिला पंचायतों में 65.80 फीसदी और तालुका पंचायतों में 66.60 फीसदी मतदान हुआ था। राज्य चुनाव आयोग ने मतदान के अंतिम आंकड़े सोमवार को जारी किए।
रविवार को चुनाव के दौरान तीन लोगों द्वारा ईवीएम तोड़ देने के कारण दाहोद जिले के झालोद तालुका के गोदिया के एक मतदान केंद्र पर आज फिर से वोट डाले गए। अधिकारियों ने बताया कि पुनर्मतदान के दौरान करीब 50 फीसदी वोट पड़े।