Gujarat Elections 2022 Poll: गुजरात विधानसभा चुनाव में इस बार बीजेपी-कांग्रेस के बीच आम आदमी पार्टी भी अपना दमखम दिखाती नजर आएगी, लेकिन सर्वे के मुताबिक जो बात सामने निकलकर आ रही है। वो यह है कि गुजरात में अगर आज चुनाव होते हैं तो भारतीय जनता पार्टी को बंपर सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। वहीं कांग्रेस दूसरे नंबर की पार्टी बनने में कामयाब साबित होगी। जबकि आम आदमी पार्टी तीसरे नंबर पर नजर आएगी। सर्वे के मुताबिक, आम आदमी पार्टी की वजह से यहां पर कांग्रेस को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
ETG रिसर्च के साथ टाइम्स नाउ नवभारत ने गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर सर्वे किया है। इस सर्वे में यह बात सामने आई है कि अगर अभी चुनाव हुए तो किस पार्टी को कितनी सीटें मिल सकती हैं। बता दें, गुजरात विधानसभा में कुल 182 सीटें हैं और बहुमत के लिए 92 सीटों की जरूरत होती है।
ETG और टाइम्स नाउ नवभारत के सर्वे के मुताबिक, आज चुनाव हुए तो बीजेपी को 115-125 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस को 39-44 सीटें मिलने का अनुमान है, जबिक अरविंद केजरीवाल की पार्टी को 13-18 सीटें मिल सकती हैं, जबकि अन्य के खाते में 2-4 सीटें जाएंगी।
इस सर्वे के आधार पर अगर देखा जाए तो बीजेपी एक बार फिर गुजरात की सत्ता पर काबिज हो सकती है। सर्वे एजेंसी ETG रिसर्च ने सर्वे के लिए जो सैंपुल साइज लिया है, वो 4540 का है। इस सर्वे में रैंडम कॉलिंग और लोगों के बीच जाकर उनकी राय ली गई।
बता दें, गुजरात में लगभग तीन दशक से बीजेपी सत्ता में हैं। 2001 के पहले भी और 2001 के बाद भी बीजेपी का दबदबा कायम है। वहीं इस बार आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जोर-शोर से गुजरात विधानसभा चुनाव में लगे हुए हैं। साथ ही दिल्ली की तरह गुजरात के लोगों से भी कई तरह के वादे किए हैं, लेकिन उसके बाद भी आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन कुछ खास नजर नहीं आ रहा है।
सर्वे के हिसाब से कांग्रेस के बड़ा नुकसान होता दिख रहा है। परंपरागत तौर पर जो तबका कांग्रेस के लिए वोट करता रहा है। वो तबका आम आदमी पार्टी के साथ जा सकता है। ऐसी स्थित में 2017 में कांग्रेस की सीटों में जो कमी आई थी। उसमें और भी कमी देखी जा सकती है।