गुजरात में विधानसभा चुनाव से पहले कोई भी दल अपने संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं की कमियों को नजरंदाज करने के मूड में नहीं है। इसीलिए जहां कमी दिखी तत्काल उस पर एक्शन लिया जा रहा है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और गुजरात में दखल देने के लिए जोरशोर से लगी आम आदमी पार्टी के नेता लगातार राज्य के दौरे पर हैं। इस बीच भाजपा ने अपने एक नेता को पंजाब के सीएम और आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने पर तत्काल निलंबित कर दी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने यह कार्रवाई अपने पूर्व प्रवक्ता किशन सिंह सोलंकी पर की। उनको अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के कुछ ही घंटे बाद निलंबित कर दिया गया। भाजपा की गुजरात इकाई ने एक बयान में कहा, “अहमदाबाद से भाजपा के नेता किशन सिंह सोलंकी ने करीब छह महीने पहले तक पार्टी के प्रवक्ता के तौर पर सेवा दी थी। उन्हें तत्काल प्रभाव से छह वर्षों के लिए निलंबित कर दिया गया है।”

रविवार रात भाजपा नेता ने सीएम मान के साथ अपनी तस्वीर शेयर की थी

सोलंकी ने रविवार रात मान के साथ अपनी एक तस्वीर अपने फेसबुक पेज पर साझा की थी, जिसके साथ लिखा हुआ था, ‘‘जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए धन्यवाद भगवंत मान जी।’’ यह पोस्ट कुछ देर में वायरल हो गई और पार्टी के काफी लोगों ने इस पर एतराज जताया।

बयान में कहा गया है, ‘‘पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर अहमदाबाद जिले से भाजपा नेता किशनसिंह सोलंकी को प्रदेश भाजपा प्रमुख सीआर पाटिल के आदेश पर आज तत्काल प्रभाव से पार्टी से छह वर्षों के लिए निलंबित कर दिया गया है।’’ भाजपा की गुजरात इकाई के प्रवक्ता यज्ञेश दवे ने कहा कि सोलंकी प्रदेश भाजपा मीडिया टीम का हिस्सा थे और उन्होंने प्रवक्ता के तौर पर सेवा दी, लेकिन अब वह किसी पद पर नहीं हैं।

सोलंकी के फेसबुक पेज के अनुसार, उन्होंने भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य के रूप में भी सेवा दी थी। यह बात उल्लेखनीय है कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अगले कुछ महीनों में होने जा रहे गुजरात विधानसभा चुनावों में प्रचार करने के लिए हाल ही में वहां गये थे।