कांग्रेस से इस्तीफा देने के करीब दो हफ्ते बाद गुजरात के पूर्व मंत्री नरेश रावल और राज्यसभा के पूर्व सदस्य राजू परमार राज्य विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले बुधवार को यहां सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। दोनों नेता दशकों तक कांग्रेस से जुड़े रहे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल ने भगवा स्कार्फ और टोपी भेंट कर पार्टी में उनका स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी सत्तारूढ़ दल में शामिल हुए। 1988 और 2006 के बीच परमार तीन बार गुजरात से कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य थे – दलित समुदाय के एक प्रमुख नेता के रूप में उन्होंने एससी/एसटी के लिए राष्ट्रीय समिति के सदस्य के रूप में भी काम किया था।
मेहसाणा में विजापुर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले तीन बार के विधायक रावल ने गुजरात में तत्कालीन कांग्रेस सरकार में गृह और उद्योग मंत्री के रूप में कार्य किया था। उन्होंने 1985, 1990 और 1998 में विधानसभा चुनाव जीते थे।
सभी दल कर रही हैं जनता से लोक-लुभावन वादे
गुजरात में विधानसभा चुनाव 2022 के दिसंबर माह में होने की संभावना जताई जा रही है। जिसको लेकर सभी राजनैतिक पार्टियां जनता से लोक-लुभावन वादे कर रही हैं। इस कड़ी में अब कांग्रेस पार्टी ने बड़ा ऐलान किया है।
इस बीच मुफ्त सुविधाएं देने के चुनावी वादों का विरोध होने के बावजूद कांग्रेस पार्टी ने कहा कि अगर वो सत्ता में आती है तो किसानों के तीन लाख रुपए तक के कर्ज माफ करेगी। साथ ही किसानों को रोजाना 10 घंटे बिजली फ्री दी जाएगी। गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश ठाकोर ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से नीचे कृषि उपज की खरीद पर रोक लगाने के लिए एक कानून लाएगी।
दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी भी गुजरात चुनाव के लिए कमर कस ली है। राज्य के दौरे पर गए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गुजरात की जनता के सामने दो मॉडल हैं और उसमे से एक मॉडल चुनना है। उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी को वोट दोगे तो जहरीली शराब मिलेगी, अगर हमें वोट दोगे तो रोजगार मिलेगा। अब चुनना जनता को है।
अरविंद केजरीवाल ने गुजरात में बीजेपी को चुनौती देने के लिए वहां की जनता से कुछ बड़े वादे किए हैं। अरविंद केजरीवाल ने गुजरात की जनता से कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में अगर आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है तो गुजरात में 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी।
