गुजरात चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) ने 850 से ज्यादा नए पदाधिकारियों के साथ गुजरात के लिए एक नए संगठन ढांचे की घोषणा की है। पार्टी ने रविवार (12 जून 2022) को गुजरात आप के नेता इसुदान गढ़वी को राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव नियुक्त किया है। वहीं, किशोरभाई देसाई को प्रदेश अध्यक्ष (फ्रंटल संगठन) और मनोज सोरथिया को राज्य महासचिव नियुक्त किया है।

आम आदमी पार्टी के गुजरात प्रभारी संदीप पाठक ने नए संगठन के संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पदाधिकारियों के नाम घोषित किए। इसके साथ ही आप नेइंद्रनील राजगुरु को राष्ट्रीय संयुक्त सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है। इस घोषणा के साथ, राज्य, जिला, तालुका स्तर और फ्रंटल संगठनों में सभी पार्टी पदों को भंग कर दिया गया।

इसके पहले आप ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए बुधवार (8 जून) को राज्य की सभी इकाइयों को भंग कर दिया था। पार्टी के राज्य प्रमुख गोपाल इटालिया ने कहा कि आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आप राज्य विधानसभा चुनाव जीतने और भाजपा को हराने के उद्देश्य से काम कर रही है। इटालिया ने कहा, “पार्टी ने चुनाव से कुछ महीनों पहले लागू करने के लिए शक्तिशाली रणनीति बनाई है।”

पार्टी संगठन का विस्तार: गोपाल इटालिया ने कहा कि रणनीति के तहत इच्छुक परिणामों हासिल करने के लिए संगठन का विस्तार करने की आवश्यकता है। यही वजह है कि आप ने राज्य अध्यक्ष पद को छोड़कर गुजरात में अपनी सभी इकाइयों और पार्टी के पदों को भंग करने का फैसला किया है। इटालिया ने दावा किया था कि आम आदमी पार्टी को राज्य में आयोजित अपने विभिन्न कार्यक्रमों जैसे ‘परिवर्तन यात्रा’, ‘तिरंगा यात्रा’ और पिछले कुछ महीनों में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की रैलियों के माध्यम से भारी जन समर्थन मिला है।

गुजरात में इस दिसंबर 2022 में विधानसभा चुनाव होने हैं। प्रदेश में पिछले दो दशक से भारतीय जनता पार्टी का शासन है। आप बीजेपी के इस गढ़ में सेंध लगाना चाहती है, जिसके लिए पिछले तीन महीने में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चार बार गुजरात यात्रा की है। हाल ही में उन्होंने मेहसाणा में तिरंगा यात्रा निकाली थी।

संगरूर उपचुनाव की तैयारी: वहीं, दूसरी ओर पंजाब में संगरूर उपचुनाव के लिए भी आप ने कमर कस ली है। संगरूर लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाले प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पार्टी उम्मीदवार गुरमेल सिंह, एक सरपंच और पार्टी के जिला प्रभारी के लिए प्रचार करने के लिए आठ से नौ पार्टी विधायकों को प्रतिनियुक्त किया है। ये विधायक अपने-अपने क्षेत्रों के विधायक के समन्वय से निर्धारित गांवों और क्षेत्रों में प्रचार करेंगे।