Gujarat Assembly Election: गुजरात चुनाव के पहले चरण के प्रचार के समाप्त होने में सिर्फ 10 दिन बचे हैं। ऐसे में सत्ताधारी BJP कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। पार्टी ने देश और प्रदेश स्तर के तमाम दिग्गज नेताओं को राज्य में प्रचार अभियान पर लगा दिया है। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा (J P Nadda), केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों सहित भाजपा के राष्ट्रीय नेता शुक्रवार को 40 सीटों पर उतरे। गौरतलब है कि पहले चरण में 89 सीटों पर 1 दिसंबर 2022 को मतदान होगा।

जेपी नड्डा सहित लगभग 15 राष्ट्रीय भाजपा नेताओं ने 40 से अधिक जनसभाओं को संबोधित किया। इन नेताओं में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और अनुराग ठाकुर, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मैदान में उतरे। इसके अलावा भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या और लद्दाख से भाजपा सांसद जामयांग त्सेरिंग नामग्याल ने भी गुजरात में अपनी पार्टी के लिए प्रचार किया।

नेताओं के लिए क्षेत्रों का सावधानीपूर्वक चयन:

भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने इसे ‘कार्पेट बॉम्बिंग’ कहा। प्रचार के लिए नेताओं के लिए क्षेत्रों के सावधानीपूर्वक चयन की ओर इशारा करते हुए भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, “2012 के बाद से हमने राष्ट्रीय नेताओं को लाने की इस रणनीति को लागू किया है जिन्होंने अपने राज्यों में अच्छा प्रदर्शन किया है।”

वोट हासिल करने की प्रभावी रणनीति:

बीजेपी नेता ने आगे कहा, “उदाहरण के लिए, अगर योगी आदित्यनाथ गुजरात आते हैं और कहते हैं कि लोग केवल भाजपा के तहत सुरक्षित महसूस करते हैं और किसी अन्य पार्टी के नहीं, तो इसका मतदाताओं पर बहुत बड़ा असर पड़ता है। इसी तरह, जे पी नड्डा जैसे नेताओं को उन जगहों पर ले जाना जहां गैर-गुजरातियों की आबादी ज्यादा है, उनके वोट हासिल करने की एक प्रभावी रणनीति है। असम सीएम हिमंता बिस्वा सरमा के भी गुजरात में काफी प्रशंसक हैं।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को भी गुजरात में तीन जनसभाओं को संबोधित करना था, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से उन्हें अपना कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के अलावा राज्य के 14 भाजपा नेता भी शुक्रवार को 36 विधानसभा क्षेत्रों में सड़क पर उतरे।