Gujarat Election 2022: गुजरात में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 156 सीटें जीतकर प्रचंड जीत हासिल की है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस (Congress) 17 पर तो आम आदमी पार्टी (AAP) 5 सीटों पर सिमट गई। इन सबके बीच गुजरात विधानसभा में महिलाओं का प्रतिनिधित्व तो बढ़ा है, लेकिन उनका सक्सेस रेट कम हो गया है।
चुनाव परिणाम आने के बाद गुजरात विधानसभा में महिलाओं का प्रतिनिधित्व पिछले सदन में 7.1 प्रतिशत से बढ़कर 2022 में 8.2 प्रतिशत हो गया। वहीं, दूसरी ओर महिला उम्मीदवारों का सक्सेस रेट 59 प्रतिशत से घटकर 37.5 प्रतिशत रह गया। 2022 के गुजरात विधानसभा चुनावों में चार राजनीतिक दलों से 40 महिला उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया था, लेकिन सिर्फ 15 महिला उम्मीदवारों ने सदन में जगह बनाई।
14 जीती हुई महिला विधायक BJP से: इन 15 नव निर्वाचित महिला विधायकों में से 14 ने BJP से जीत हासिल की। भारतीय जनता पार्टी ने 17 महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था। कांग्रेस से 14 महिला उम्मीदवार चुनाव लड़ रही थीं, जिनमें से सिर्फ एक ने जीत हासिल की। सात उम्मीदवारों को मैदान में उतारने वाली आप की एक भी महिला उम्मीदवार और एआईएमआईएम के दो उम्मीदवारों में से कोई भी सदन में नहीं आ सका। इस बार विधानसभा में महिलाओं का प्रतिनिधित्व पिछले सदन में 7.1 प्रतिशत से बढ़कर 2022 में 8.2 प्रतिशत हो गया। महिला विधायकों की सबसे अधिक संख्या (16) 2007 और 2012 में दर्ज की गई थी जब 8.7 प्रतिशत विधायक महिलाएं थीं।
पिछले विधानसभा चुनावों में महिलाओं की सफलता दर अधिक रही, क्योंकि भाजपा और कांग्रेस के कुल 22 उम्मीदवारों में से 59 प्रतिशत (13 उम्मीदवार) ने 2017 में सीटें जीतीं थीं। महिला उम्मीदवारों की घटती सफलता दर पर भाजपा की राज्य उपाध्यक्ष, वर्षाबेन दोशी ने द इंडियन एक्सप्रेस से कहा, “यह महिला विधायकों की संख्या का सवाल नहीं है। सभी भाजपा महिला विधायक शिक्षित और अनुभवी हैं क्योंकि कुछ अपने दूसरे और तीसरे कार्यकाल में हैं। वे अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करने में सक्षम हैं।”
इसके अलावा जीतने वाली महिला उम्मीदवारों ने ज्यादा मार्जिन से जीत दर्ज की है। दो ने एक लाख के अंतर से जीत हासिल की है। सभी महिला उम्मीदवारों में राजकोट पश्चिम से भाजपा उम्मीदवार डॉ दर्शिता शाह ने सबसे अधिक 1,05,975 मतों का अंतर दर्ज किया। उन्होंने कांग्रेस के अपने पुरुष समकक्ष मनसुखभाई कलारिया को हराया। एक अन्य महिला उम्मीदवार भाजपा की पायल कुकरानी ने नरोदा से जीत हासिल की। उन्होंने आप के ओमप्रकाश तिवारी को 1,04,740 मतों के अंतर से हराया।