आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुजरात विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत के लिए कार्यकर्ताओं को मंत्र दिया। केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अगर तुमने ये दो काम कर लिए तो गुजरात में आप की सरकार बनना तय है।

अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘आपको घर-घर जाकर बताना है कि गुजरात में कांग्रेस पार्टी को वोट देकर अपना वोट बर्बाद मत करो। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि इस बार एक भी वोट कांग्रेस को नहीं पड़ना चाहिए और जो लोग BJP से नाराज़ हैं उनका वोट AAP को पड़ना चाहिए। ये दोनों हो गया तो AAP की सरकार बननी तय है। गुजरात के लोग BJP के 27 साल के शासन से बहुत परेशान हो चुके हैं।

केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में कांग्रेस का कोई अभियान नहीं चल रहा और बीजेपी का कैंपेन सिर्फ़ AAP को गाली देना है। लोग बदलाव चाहते हैं। कांग्रेस ने मतदाताओं को धोखा दिया। लोगों के पास विकल्प नहीं था। अब लोगों को सिर्फ़ आम आदमी पार्टी से उम्मीद है। भगवान हमारे साथ है।
केजरीवाल ने गुजरात भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सीआर पाटिल ने बीजेपी का डेलीगेशन हमारी पोल खोलने के लिए दिल्ली भेजा। उन्होंने कहा कि भाजपा का डेलीगेशन दिल्ली में स्कूल, मोहल्ला क्लीनिक और अस्पताल में ठोकरें खाता रहा, लेकिन भाजपा वालों को एक भी कमी नहीं मिली।

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि दूसरी पार्टी के बहुत सारे Paid कार्यकर्ता हैं। ये पार्टियां पैसे देकर कर्मचारी तो बना सकती हैं, “देशभक्त” नहीं ख़रीद सकतीं। भाजपा और कांग्रेस के आधे से ज़्यादा कर्मचारी चुनाव से पहले इनसे पैसे तो ले लेंगे लेकिन काम AAP के लिए करेंगे। केजरीवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आज कांग्रेस काग़ज़ों के ऊपर ही रह गई है। कांग्रेस का कोई पदाधिकारी, कार्यकर्ता नहीं बचा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का संगठन कांग्रेस से कई गुना बड़ा है। मैं चैलेंज करता हूं कि हमारा संगठन एक महीने के अंदर BJP के संगठन से भी ज़्यादा बड़ा हो जाएगा।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी के तीन स्तंम्भ हैं। आज हम देश सेवा करने की शपथ लेंगे, हम कट्टर ईमानदारी और देशभक्ति की शपथ लेंगे, हम इंसानियत की शपथ लेंगे। आज हम सरदार पटेल और गांधी जी के सपनों का गुजरात बनाने की शपथ लेंगे। उन्होंने कहा कि गुजरात का आम आदमी बदलाव चाहता है।