Gujarat ABP C-Voter Opinion Poll 2022: गुजरात विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। इसे लेकर राजनीतिक दलों में भी हलचल तेज होने लगी है। भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर सत्ता पाने के लिए पूरा जोर लगा रही है और पीएम नरेंद्र मोदी से लेकर गृहमंत्री अमित शाह तक मैदान में उतर चुके हैं। इस बार कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी भी गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर काफी सक्रिय नजर आ रही है। अरविंद केजरीवाल यहां ताबड़-तोड़ रैलियां और जनसभाएं कर रहे हैं।
इस बीच एबीपी ओपिनियन पोल के रुझान बता रहे हैं कि भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर से गुजरात की सत्ता में काबिज हो सकती है। इतना ही नहीं नया रिकॉर्ड भी कायम कर सकती है। गुजरात की 182 विधानसभा सीटों को 4 क्षेत्रों में बांटकर ओपिनियन पोल किया गया है। 2017 के चुनाव में बीजेपी को 99 सीटें मिली थीं, लेकिन इस बार ज्यादा सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, कांग्रेस को 30 सीटों का नुकसान हो सकता है, पिछली बार पार्टी को 77 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। इसके अलावा, आम आदमी पार्टी 2 सीटों से ज्यादा पर जीतती नजर नहीं आ रही है।
उत्तर गुजरात की 32 सीटों में से बीजेपी के पास 20-24 सीटें आ सकती हैं, कांग्रेस के पास 8-10 और आप 1 सीट जीत सकती है। दक्षिण गुजरात की 35 सीटों में से 27-31 सीटें बीजेपी को मिल सकती हैं, 03-07 सीटें कांग्रेस और 2 सीटें आम आदमी पार्टी जीत सकती है। सौराष्ट्र की 54 सीटों में से 38 से 42 सीटें बीजेपी के पाले में जा सकती हैं, कांग्रेस को 11-15 सीटें मिल सकती हैं और आप को एक सीट पर जीत मिल सकती है।
इसके अलावा, मध्य गुजरात की 61 सीटों में से 46-50 सीटें बीजेपी को, 10-14 कांग्रेस को और 1 सीट आप को मिल सकती है। कुल मिलाकर 182 सीटों में से 135-143 सीटों पर बीजेपी की जीत हो सकती है, 36-44 सीटें कांग्रेस और आम आदमी पार्टी 2 सीटें जीत सकती है।
ओपिनियन पोल को लेकर बीजेपी नेता हार्दिक पटेल ने कहा कि एक बार फिर गुजरात में जनता का भरोसा भारतीय जनता पार्टी और पीएम मोदी के साथ है। लोग मानते हैं कि गुजरात की अस्मिता और गौरव की बात आती है तो भारतीय जनता पार्टी उनके साथ खड़ी रहती है।
