बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक सावर्जनिक कार्यक्रम में महिला का नकाब हटाने को लेकर विवादों में हैं। विपक्ष ने नीतीश कुमार से बिना शर्त माफी की मांग की है तो वहीं एनडीए के नेता उनका बचाव कर रहे हैं। यह घटना मुख्यमंत्री सचिवालय में हुई, जहां नीतीश कुमार आयुष चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र दे रहे थे। जब महिला अपना नियुक्ति पत्र लेने आई, तो नीतीश कुमार ने उसका नकाब देखा और पूछा, ‘यह क्या है?’ इसके बाद उन्होंने नकाब हटा दिया।

महिला सरकारी नौकरी से इनकार करे या जहन्नुम में जाए- गिरिराज सिंह

मुस्लिम महिला डॉक्टर का नकाब हटाने के मामले में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बचाव करते हुए गुरुवार को नया विवाद खड़ा कर दिया। गिरिराज सिंह ने कहा कि यह महिला पर निर्भर है कि वह सरकारी नौकरी को ठुकरा दे या जहन्नुम में जाए। गिरिराज सिंह ने नीतीश कुमार का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तर्क दिया, “अगर कोई नियुक्ति पत्र लेने जा रहा है, तो क्या उसे अपना चेहरा नहीं दिखाना चाहिए? क्या यह कोई इस्लामिक देश है? नीतीश कुमार ने अभिभावक की भूमिका निभाई। अगर आप पासपोर्ट बनवाने जाते हैं, तो क्या आप अपना चेहरा नहीं दिखाते? जब आप हवाई अड्डा जाते हैं, तो क्या अपना चेहरा नहीं दिखाते? लोग पाकिस्तान और इंग्लिशस्तान की बातें करते हैं, लेकिन यह भारत है। भारत में कानून का राज है।” गिरिराज सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार ने सही किया।

‘धीरे-धीरे अपना असली रंग दिखा रहे नीतीश कुमार…’, मुस्लिम महिला का नकाब हटाने पर उमर अब्दुल्ला ने बोला हमला

मंगल पांडेय ने क्या कहा?

इस बीच बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी भी खबर की जानकारी नहीं है, जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा सार्वजनिक कार्यक्रम में एक महिला चिकित्सक का नकाब हटाए जाने के बाद उस चिकित्सक ने सरकारी नौकरी में शामिल होने से मना कर दिया है। मंगल पांडेय ने यह कहते हुए विवाद पर विराम लगाने का प्रयास किया कि राज्य में एनडीए ने हमेशा महिला सशक्तीकरण के लिए काम किया है।

मंगल पांडेय ने कहा, “हमारे मुख्यमंत्री ने हमेशा महिलाओं का सम्मान किया है और मातृ शक्ति के सशक्तीकरण के लिए बड़े पैमाने पर प्रयास किए हैं।” बिहार के कटिहार से कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने गिरिराज सिंह और नीतीश कुमार की कड़ी आलोचना की। अनवर ने कहा, “ये निम्न स्तर के लोग हैं, इनकी सोच बहुत घटिया है। वे यह नहीं समझते कि हमारा देश धर्मनिरपेक्ष है। हर किसी को अपने धर्म का पालन करने की स्वतंत्रता है। जो कुछ नीतीश कुमार ने किया वह शर्मनाक और दुखद है।” पढ़ें हिजाब विवाद को बढ़ता देख बचाव में उतरी जेडीयू