Ganesh Chaturthi 2022: देशभर में बुधवार (31 अगस्त 2022) से गणपति उत्सव की शुरुआत हो चुकी है। 10 दिनों तक चलने वाले इस उत्सव की सबसे ज्यादा धूम महाराष्ट्र में देखने को मिलती है। वैसे तो मुंबई में भगवान गणेश के कई पंडाल हैं, लेकिन सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र प्रसिद्ध ‘अंधेरी के राजा’ होते हैं। इस बार बप्पा के सिर पर दो करोड़ रुपऐ की कीमत का मुकुट पहनाया गया है।

मुंबई के अंधेरी गणेश मंडल में इस बार बप्पा के सिर पर दो करोड़ रुपए की कीमत का मुकुट पहनाया गया है। यह मुकुट तीन किलो सोने से बना हुआ है। मन्नत पूरी होने पर भक्तों द्वारा दिए सोने को पिघलाकर यह भव्य मुकुट बनाया गया है। पिछले 57 साल से अंधेरी इलाके में ‘अंधेरी के राजा’ विराजमान होते हैं। इस साल पंडाल को भव्य लक्ष्मी विलास पैलेस के तर्ज पर सजाया गया है। पंडाल में 8.5 फ़ीट ऊंची बप्पा की प्रतिमा स्थापित की है। अंधेरी के राजा का विसर्जन सबसे बाद में शंकाष्ठी के दिन होता है। जिसके लिए मीलों लंबी शोभा यात्रा निकाली जाती है।

इस साल नहीं हैं कोई प्रतिबंध: यह साल सभी गणपति मंडलों के लिए खास होने वाला है। पिछले दो साल से कोरोना महामारी के चलते प्रतिबंधों के साथ ये त्योहार मनाया गया था। सभी पंडालों में त्योहार की धूम है और देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु इस बार बप्पा के दर्शन के लिए पधारे हैं। महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि इस साल इसमें किसी भी तरह की कोई शर्तें लागू नहीं होंगी।

मुस्लिम परिवार ने स्थापित की गणेश प्रतिमा: वहीं, दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक मुस्लिम परिवार गणपति की आस्था में डूबा हुआ है। परिवार ने बड़े धूमधाम से घर में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की है। शाहजमाल स्थित एडीए कॉलोनी में रहने वाली भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा की जयगंज मंडल उपाध्यक्ष रूबी आसिफ खान ने अपने पति आसिफ खान के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा को अपने घर में स्थापित किया है।

रूबी आसिफ खान ने कहा कि मैंने अपने घर में भगवान गणेश की मूर्ति 7 दिनों के लिए स्थापित की है। मैं किसी जाति धर्म में कोई भेदभाव नहीं मानती हूं। मैं सभी धर्म के त्योहार मनाती हूं। यह मेरी आस्था है। मुझे यह सब करना अच्छा लगता है।