Ganpati Utsav 2022: महाराष्ट्र में गणपति उत्सव की काफी धूम होती है। मुंबई के कई मशहूर गणेश पंडालों की सजावट से लेकर प्रतिमा तक पर करोड़ों का खर्च आता है। ऐसे में कई गणेश मंडल इनका इंश्योरेंस भी कराते हैं। मुंबई के सबसे अमीर गणेश पंडाल गौड़ सारस्वत ब्राह्मण सेवा मंडल (GSB) ने इस साल गणेश चतुर्थी समारोह के लिए रिकॉर्ड 316.40 करोड़ रुपए का इंश्योरेंस कराया है।
मुंबई शहर के सबसे धनी गणेश मंडल में से एक किंग्स सर्कल, जीएसबी सेवा मंडल ने पांच दिवसीय उत्सव के लिए 316.4 करोड़ रुपए की रिकॉर्ड इंश्योरेंस पॉलिसी ली है। मंडल ने सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी न्यू इंडिया एश्योरेंस से यह इंश्योरेंस लिया है। इसके साथ ही महा गणपति प्रतिमा को लगभग 66 किलोग्राम सोने के गहनों, और 295 से अधिक किलोग्राम चांदी और अन्य कीमती वस्तुओं से सजाया गया है।
जीएसबी सेवा मंडल ने अपने पंडाल, मूर्ति, आभूषण, स्वयंसेवकों, श्रमिकों, फलों, सब्जियों, किराने के सामान और फर्नीचर के लिए भी इंश्योरेंस कवर लिया है। इससे पहले जीएसबी ने 2016 में 300 करोड़ रुपए की पॉलिसी ली थी। गौड़ सारस्वत ब्राह्मण सेवा मंडल ने 2017 में 264.25 करोड़ रुपए और 2018 में 265 करोड़ रुपए का इंश्योरेंस करवाया था। साल 2019 में मंडल ने अपने पंडाल का 266.65 करोड़ रुपए का इंश्योरेंस कराया था।
मंडल आने वाला हर भक्त बीमा कवर के अंतर्गत: जीएसबी सेवा मंडल के अध्यक्ष विजय कामथ ने कहा कि बुधवार (31 जुलाई 2022) से शुरु होने वाले उत्सव के लिए सभी सार्वजनिक देनदारियां और मंडल आने वाले प्रत्येक भक्त इंश्योरेंस कवर के अंतर्गत आते हैं। मंडल ने हालांकि, प्रीमियम राशि का खुलासा करने से इनकार कर दिया।
आयोजकों ने जानकारी दी, “316.40 करोड़ रुपये की यह पॉलिसी कई तरह के जोखिमों को कवर करती है। इसमें से 31.97 करोड़ रुपए में मूर्ति को सजाने वाले सोने, चांदी और आभूषण शामिल हैं। 263 करोड़ रुपए मंडल स्वयंसेवकों, पुजारियों, रसोइया, फुटवियर स्टॉल के कर्मचारी, पार्किंग कर्मी और सुरक्षा गार्ड के लिए व्यक्तिगत दुर्घटना कवर शामिल है।”
स्पेशल रिस्क पॉलिसी के एक करोड़: मंडल के एक प्रवक्ता ने कहा, “1 करोड़ रुपए आग और भूकंप के जोखिम के साथ स्पेशल रिस्क पॉलिसी में शामिल है। इसमें फर्नीचर, फिटिंग, कंप्यूटर, सीसीटीवी कैमरे, स्कैनर, बर्तन, किराना, फल और सब्जियां जैसे सामान शामिल हैं। आग और विशेष स्थल परिसर के लिए स्पेशल पॉलिसी 77.5 लाख रुपए का इंश्योरेंस देती है। सार्वजनिक दायित्व में पंडाल, स्टेडियम और भक्तों को शामिल किया गया है। इनके लिए 20 करोड़ रुपए का कवर है। जीएसबी मंडल 29 अगस्त 2022 को ‘विराट दर्शन’ समारोह में अपने गणपति के पहले लुक का अनावरण करेगा।