भाजपा ने अपने नए हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर दी है। पार्टी आलाकमान ने रविवार (19 जुलाई, 2020) को ओम प्रकाश धनखड़ को हरियाणा का नया अध्यक्ष चुन लिया। धनखड़ भाजपा के दिग्गज नेता सुभाष बराला का स्थान लेंगे। हरियाणा के नए अध्यक्ष आरएसएस, किसान मोर्चा और एबीवीपी से जुड़े रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरूण सिंह ने इस संबंध में एक नोट जारी किया है। उन्होंने कहा, ‘भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने हरियाणा के पूर्व मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ को हरियाणा का भाजपा अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।’

ओपी धनखड़ की छात्र जीवन की राजनीति से जेपी नड्डा से दोस्ती रही है। तब दोनों भगवा पार्टी की छात्र इकाई एबीवीपी से जुड़े थे। धनखड़ पीएम मोदी के भी काफी करीबी माने जाते हैं। दरअसल पीएम उम्मीदवार घोषित होने के बाद मोदी की रेवाड़ी में आयोजित हुई रैली के सूत्रधार धनखड़ ही थे। नरेंद्र मोदी से निकटता के चलते उन्हें पीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट स्टैचू ऑफ यूनिटी का राष्ट्रीय संयोजक भी बनाया गया।

Weather Forecast Today Live Updates

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने धनखड़ को प्रदेश का नया भाजपा अध्यक्ष बनाए जाने पर शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ता ओपी धनखड़ को हरियाणा का अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई और शुभकामनाएं।

उल्लेखनीय है कि हरियाणा में धनखड़ की नियुक्ति को जातिगत समीकरणों को साधने के रूप में भी देखा जा रहा है, जहां राजनीति जाट और गैर जाट के इर्द-गिर्द घूमती है। प्रदेश के मौजूदा मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर गैर जाट समुदाय से आते हैं। ऐसे में भाजपा ने जातीय समीकरण साधनों के लिए प्रदेश अध्यक्ष एक जाट अथवा ओपी धनखड़ को बनाया है। हरियाणा के पूर्व अध्यक्ष सुभाष बराला भी जाट समुदाय से आते हैं।

हरियाणा में भाजपा के नए अध्यक्ष की नियुक्त करीब आठ महीने की अधिक देरी से हुई है। उम्मीद थी कि राज्य में विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद नए अध्यक्ष की नियुक्ति हो जाएगी।