MP Politics: पूर्व राज्यपाल और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजीज कुरैशी ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि पार्टी से चापलूसों को हटा दीजिए वरना वह धरने पर बैठ जाएंगे। अजीज कुरैशी ने मध्य प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति में बदलाव के लिए कमलनाथ और दिग्विजय सिंह की तारीफ की है।

उन्होंने अपने पत्र में मध्य प्रदेश चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन और जिला प्रदेशाध्यक्षों सवाल उठाए हैं। पूर्व राज्यपाल ने कहा कि कांग्रेस संगठन के पिछले दो चुनावों में कार्यकर्ताओं के साथ धोखाधड़ी की गई है। उन्होंने आगे कहा कि ऐसे साजिशकर्ताओं का एक गिरोह बन गया है और 5 से 7 जिलों पर ये लोग कब्जा किए हुए हैं। उनका कहना है कि ऐसे कांग्रेसियों ने पार्टी को बर्बाद कर दिया है, ये ना तो जीत सकते हैं और ना नए उम्मीदवारों को जिताने की क्षमता रखते हैं।

अपनी चिट्ठी में उन्होंने कमलनाथ और दिग्विजय सिंह की तारीफ की है और कहा कि वो मध्य प्रदेश में कांग्रेस की तस्वीर बदल सकते है, लेकिन उनके इर्द-गिर्द चाटुकारों और दो नंबर के कांग्रेसियों की फौज इकट्ठा हो गई है।

उन्होंने हाल ही में हुए नगर पालिका, नगर पंचायत और नगर निगम के चुनावों को लेकर भी पार्टी के प्रदर्शन पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि इन चुनाव में जिस तरह विधायकों के कहने पर टिकट बांटे गए उसके परिणाम भी दुर्भाग्यपूर्ण आए। कुरैशी ने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के नेतृत्व में भी निराशाजनक परिणाम आए हैं। उन्होंने ऐसे जिलाध्यक्षों को तत्काल हटाने की सिफारिश की।

कांग्रेस के दिग्गज नेता के इन आरोपों के बाद भारतीय जनता पार्टी को कांग्रेस पर हमला करने का मौका मिल गया है। मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि अजीज कुरैशी जो कह रहे हैं, वो बिल्कुल ठीक है। कांग्रेस में गांधी परिवार की चिंता ज्यादा रहती है।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस कोई पार्टी नहीं है और ना ही उसकी कोई विचार धारा है। ऐसे दल चाटूकारों के आधार पर चलते हैं, इसी वजह से देश में आज कांग्रेस की यह हालत हुई है। अजीज कुरैशी ने जो कहा है वो सही कहा है और कांग्रेस को इस पर आत्म मंथन करना चाहिए, लेकिन वो करेंगे नहीं।”