दिल्ली की सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे किसानों को कथित तौर पर खालिस्तानी और पाकिस्तानी कहे जाने पर कांग्रेस ने पीएम मोदी पर निशाना साधा है। मध्य प्रदेश में भोपाल दक्षिण पश्चिम से कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने प्रधानमंत्री का तीन साल पुराना वीडियो शेयर कर कहा कि जब वोट मांगना होता है तब पंजाब के लोगों को ‘वीर-शूरवीर’ बताया जाता है। उन्होंने कहा, ‘जब वहां की जनता अपना हक मांगने दिल्ली में बैठी है तो उन्हें खालिस्तानी, पाकिस्तानी, चायनीज, नक्सली और गालियां दी जा रही हैं।’

दरअसल हाल में भाजपा नेताओं द्वारा प्रदर्शनकारी किसानों को कथित तौर खालिस्तानी और पाकिस्तान समर्थक कहे जाने पर कांग्रेस नेता ने नाराजगी जताई। इसके लिए उन्होंने पीएम मोदी के एक पुराने वीडियो का सहारा लिया। वीडियो पीएम की पंजाब रैली का मालूम होता है। इसमें वो पंजाब को वीरों और शूरवीरों की धरती बता रहे हैं। इसमें पीएम कहते हैं पंजाब गुरुओं, संतों, त्याग और बलिदान की धरती है। इस धरती का किसान पसीना बहाकर देश का पेट भरता है और जवान अपना खून बहाकर देश की रक्षा करता है।

बता दें कि पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, यूपी और अन्य राज्यों के किसान एक महीने से दिल्ली की सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों ने केंद्र के तीन नए कृषि बिलों को वापस लेने की मांग की है। अन्नदाताओं का कहना है कि नए बिल किसान विरोधी हैं और इससे सिर्फ पूंजीपतियों का लाभ होगा। हालांकि किसान प्रदर्शन पर भाजपा ने आरोप लगाया कि इसकी आढ़ में खालिस्तानी एजेंडे को बढ़ाया जा रहा है। इस दावे के लिए भाजपा आईटी सेल ने एक वीडियो शेयर किया। जिसमें एक किसान कहता है इंदिरा ठोक दी, मोदी की छाती पर….। बाद में वीडियो वायरल होने पर प्रदर्शनकारी किसानों ने इससे खुद को अलग कर लिया।

इससे पहले केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे ने विवादित बयान दिया था। उन्होंने किसान प्रदर्शन के पीछे चीन और पाकिस्तान का हाथ बताया। उन्होंने कहा कि सीएए और एनआरसी को लेकर पहले मुसलमानों को गुमराह किया गया था। उसी तरह अब किसानों को बरगलाया जा रहा है कि नए कृषि कानूनों से उन्हें नुकसान होगा।