उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित यमुना एक्सप्रेसवे (Yamuna Expressway) पर एक भीषण सड़क हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 10 से15 यात्री घायल हो गए। यात्रियों को ले जा रही एक बस कोहरे के कारण एक कंटेनर वाहन से टकराकर रेलिंग से नीचे जा गिरी। बस में करीब 60 यात्री सवार थे। घायलों को तुरंत एम्बुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
Galgotia’s University के पास हुई घटना
बता दें कि ये भीषण एक्सीडेंट दनकौर थाना क्षेत्र (Dankaur Police station area) में हुई। दनकौर क्षेत्र के अंतर्गत पेरीफेरल और गलगोटिया (Galgotia’s University) के बीच आगरा से नोएडा जाने वाले रास्ते पर ये घटना हुई। वहीं घटना के तुरंत बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई और उनकी मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
करीब 15 लोग घायल- पुलिस
सड़क हादसे को लेकर पुलिस ने बयान जारी कर कहा, “दनकौर क्षेत्र के अंतर्गत पेरीफेरल और गलगोटिया के बीच आगरा से नोएडा जाने वाले रास्ते पर यात्री बस कंटेनर के रुकने के कारण पीछे से टकरा कर रेलिंग से उतर गई। बस में करीब 60 यात्री सवार थे, जिनमें 10-15 लोग घायल हो गए। थाना प्रभारी दनकौर मय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर मौजूद हैं। सभी घायलों को निकालकर पुलिस द्वारा अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। एक व्यक्ति की अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु होने की सूचना है। आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।”
1002 सड़क दुर्घटनाएं 2022 में
जिला परिवहन विभाग (district transport department) के आंकड़ों के अनुसार जनवरी से नवंबर 2022 तक गौतमबुद्ध नगर (Gautam Budh Nagar) में सड़क दुर्घटनाओं के कारण 390 मौतें हुईं हैं। इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं के कारण 756 घायल और 1002 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं हैं।
बुलंदशहर में हादसा
बता दें कि यूपी के बुलंदशहर में मंगलवार सुबह एन एच 91 पर घने कोहरे की वजह से करीब 10 वाहन आपस में भिड़ गए। इस एक्सीडेंट के कारण 8 यात्री घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में कराया गया है। ये घटना बुलंदशहर के थाना अरनिया दशहरी NH 91 पर मंगलवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे हुई।