MP News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में दो कांग्रेस विधायकों पर महिला से अभद्रता का मामला दर्ज किया गया है। दरअसल रेवांचल एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला ने शुक्रवार को दो कांग्रेस विधायकों के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज करवाया। एक महिला ने बताया कि वो दोनों कांग्रेस विधायक शराब के नशे में थे। ट्रेन में मौजूद लोगों ने भी बताया कि ये दोनों विधायक नशे में थे और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए लोगों को परेशान कर रहे थे।

रीवा से हबीबगंज जा रही रेवांचल एक्सप्रेस में अपने बच्चे के साथ यात्रा कर रही महिला ने फोन पर अपने पति को विधायकों से की गई छेड़छाड़ के बारे में बताया। सागर में जनरल रेलवे पुलिस (जीआरपी) के प्रभारी पीके अहिरवार ने कहा कि महिला के पति ने ट्वीट कर सागर में रेलवे पुलिस को इस मामले की जानकारी दी जिसके बाद सागर पुलिस ट्रेन में चढ़ी और महिला की मदद की। सतना से कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा और कोतमा के विधायक सुनील सराफ के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 354 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जो एक महिला की शील भंग करने के लिए हमला या आपराधिक बल से संबंधित है।

कांग्रेस विधायकों ने आरोपों को निराधार बताया

प्राथमिकी के बारे में पूछे जाने पर सिद्धार्थ कुशवाहा ने बताया कि ये आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा, “महिला एक बच्चे के साथ यात्रा कर रही थी इसलिए मैंने उसे बड़ी विनम्रता के साथ अपनी सीट की पेशकश की। सुनील जी ने शिष्टाचार के नाते उन्हें भोजन कराया। मुझे नहीं पता कि उसे बुरा क्यों लगा और उसने शिकायत दर्ज कराई।” वहीं कांग्रेस विधायक सुनील सराफ ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बताया कि ट्रेन में और भी लोग थे लेकिन किसी ने कुछ नहीं कहा। वह हमारी एक बर्थ पर सो रही थी। दरवाजे से की गई आवाज के कारण उसका बच्चा जाग रहा था और वह दूसरी सीट पर चली गई। पुलिस आई तो हमें आरोपों का पता चला।

बीजेपी ने कमलनाथ से मांगी सफाई

वहीं इस पूरे मामले पर सूबे की सत्ताधारी पार्टी भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से इस घटना पर सफाई देने को कहा। बीजेपी प्रवक्ता लोकेंद्र पाराशर ने पूरे मामले पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से सफाई मांगी है। उन्होंने कहा इस मामले पर कमलनाथ जी को जवाब देना चाहिए। नशे की हालत में महिला को प्रताड़ित करना क्या यह विधायक आपकी पार्टी का है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने विधायकों से मांगा जवाब

वहीं मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने इस पूरे मामले की जानकारी मिलने के बाद सतना से विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा और कोतमा विधायक सुनील सराफ से पूरे मामले को लेकर जवाब मांगा है, जिन पर एक महिला ने ट्रेन में छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। कमलनाथ ने मामले की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया है।