मध्य प्रदेश में कान्हा नेशनल पार्क के बफर जोन में पति-पत्नी गाय को ढूंढ रहे थे। इसी दौरान उन पर दो खूंखार बाघों ने हमला कर दिया। इस हमले में पति घायल हो गया। हालांकि इस खतरनाक हमले में उनका पालतू कुत्ता उनके लिए संकट मोचक साबित हुआ। बहादुर कुत्ते ने बाघों को कन्फ्यूज कर दिया जिससे पति-पत्नी भागने में सफल हो गए। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी उप सरपंच की गाय को खोजने जंगल में गए थे। घटना के बाद उसके मालिक के साथ कुत्ता भी सुरक्षित है।
क्या है पूरा मामलाः घटना मंडला जिले की है। वन अधिकारियों के अनुसार गुरुवार शाम में कुंजीराम यादव और उनकी पत्नी फूलवती अपने पालतू कुत्ते के साथ कान्हा के जंगलो में गए थे। वे लोग खोई हुई गाय को ढूंढते हुए मंडला के बमहानी रेंज पहुंच गए। उस रेंज से कुछ दूर जाने पर उन्हें दो खूंखार बाघों का सामना करना पड़ गया। मालिक ने वन अधिकारियों को बताया कि बाघों ने उन पर हमला किया और कुंजीराम को पंजा मार दिया। यह देख पालतू कुत्ते ने उछल कर बाघों पर हमला किया और भौंकने लगा।
National Hindi News Today LIVE: दिनभर की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
कुत्ते को देख बाघ हुए कन्फ्यूजः मालिक के अनुसार बाघ कुत्ते को देख कन्फ्यूज हो गए थे। दरअसल जंगली कुत्ते भौंकते नहीं है और बाघ कुत्ते के भौंकने से असमंजस में पड़ गए थे। कुत्ते के बार-बार भौंकने से बाघों का ध्यान बंट गया और इससे उसके मालिक भागने में सफल रहे। वन अधिकारियों के अनुसार घायल मालिक को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुंजीराम को चोट के चलते कई टांकें भी लगाए गए। वन अधिकारियों ने भी इनके बच जाने का कारण कुत्ते को देख बाघों का असमंजस में पड़ जाने को बताया है।