पंजाब और देश के अन्य इलाकों में भीषण बाढ़ से पीड़ित लोगों के प्रति एकजुटता दिखाते हुए एनडीए ने दो बड़े फैसले लिए हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के घर पर शनिवार रात को भाजपा सांसदों के लिए आयोजित किया गया डिनर कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।

इसके अलावा 8 सितंबर को प्रधानमंत्री आवास पर एनडीए सांसदों के लिए आयोजित होने वाले डिनर को भी रद्द कर दिया गया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया था दुख

इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को उत्तर भारत में भारी बारिश, बादल फटने और बाढ़ से हुई तबाही पर गहरा दुख व्यक्त किया था। उन्होंने प्रभावित लोगों के प्रति एकजुटता व्यक्त की थी तथा बचाव एवं राहत प्रयासों में लगे अधिकारियों की सराहना की थी।

पंजाब में बाढ़ का इतिहास: 1955 से लेकर 2025 तक, अब तक कितनी हुई तबाही?

बीजेपी और एनडीए उपराष्ट्रपति चुनाव की तैयारी में जुटे हुए हैं। बीजेपी चुनाव में जीत हासिल करना चाहती है और इसके लिए ही पहले जेपी नड्डा के घर पर और फिर प्रधानमंत्री आवास पर डिनर का कार्यक्रम रखा गया था।

उपराष्ट्रपति पद के लिए मतदान 9 सितंबर को होगा और उसी दिन नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। एनडीए ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को अपना उम्मीदवार बनाया है जबकि विपक्ष की ओर से सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज बी. सुदर्शन रेड्डी चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि संख्याबल स्पष्ट रूप से NDA के पक्ष में है लेकिन फिर भी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को यह काम सौंपा गया है कि उपराष्ट्रपति चुनाव में NDA उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित हो।

पंजाब, हिमाचल में काफी नुकसान

पंजाब के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अनुसार, बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 43 हो गई है। हिमाचल प्रदेश में इस साल बारिश के दौरान 300 से ज्यादा मौतें दर्ज की गई हैं जबकि दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान को पार कर गई है और बाढ़ प्रभावित इलाकों को खाली कराना पड़ा है। पंजाब में फसलों और संपत्ति को भी बड़ा नुकसान हुआ है।

पंजाब के सभी 23 जिले बाढ़ प्रभावित घोषित