मध्यप्रदेश में ऐसे तो चुनाव अगले साल होने हैं, लेकिन कांग्रेस अभी से तैयारियों में जुटी दिख रही है। ऐसी ही तैयारियों के दौरान कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिग्विजय सिंह कहते हुए सुने जा रहे हैं कि अगर कांग्रेस के नेता एकजुट होकर 2023 का चुनाव नहीं लड़े तो वो आखिरी चुनाव होगा। अब इसी वीडियो को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है।

वीडियो में दिग्विजय सिंह कह रहे हैं- “आपलोग आमने सामने बात करने को तैयार नहीं हैं। मैं यहां खड़ा हूं, ये इधर खड़े हैं, वो उधर खड़े हैं। कैसे काम चलेगा? कांग्रेस… आखिरी चुनाव है 2023 का बता देता हूं मैं आपको, अगर आप लोग ईमानदारी से चुनाव नहीं लड़े तो घर बैठिए आप सब, फिर कांग्रेस वापस नहीं आने वाली। वर्कर नहीं मिलेगा”।

बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता का यह वीडियो मध्यप्रदेश के रतलाम का है। यहां मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पार्टी नेताओं से मिलने के लिए पहुंचे थे। अब इसी को लेकर बीजेपी ने कहा कि दिग्विजय सिंह, कांग्रेस नेता कमलनाथ पर गुटबाजी को लेकर निशाना साध रहे हैं।

राज्य भाजपा सचिव रजनीश अग्रवाल ने कहा कि दिग्विजय सिंह पार्टी में गुटबाजी को उजागर कर रहे थे और वीडियो का उद्देश्य कमलनाथ को राज्य कांग्रेस के पद से हटाना है। उन्होंने कहा- “श्रीमान दिग्विजय सिंह ने रतलाम में कांग्रेस की गुटबाजी को चलते वीडियो और खबरों के बीच बताने का कार्य किया है। साथ ही यह भी जताने का कार्य किया है कि कमलनाथ जी के पीसीसी अध्यक्ष रहते हुए गुटबाजी जोरों पर है। यह कमलनाथ जी को हटाने के षड्यंत्र का हिस्सा भी है”।

वहीं रतलाम जिला कांग्रेस के अध्यक्ष महेंद्र कटारिया ने वीडियो के बारे में बताया कि दिग्विजय सिंह शनिवार को स्थानीय सर्किट हाउस के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं से बात कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने जौरा से आए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग समूहों में खड़े देखकर नाराजगी व्यक्त की। इसलिए, उन्होंने उनसे एकजुट रहने के लिए कहा।