पाकिस्तान की पनाह में पनप रहे आतंकी ठिकानों पर वायुसेना के हमले को लेकर सबूत मांगकर दिग्विजय सिंह बीजेपी नेताओं के निशाने पर आ गए हैं। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय ने कहा था, ‘मैं Air Strike पर सवाल नहीं उठा रहा लेकिन हम तकनीकी समृद्धि के दौर में हैं। जैसे अमेरिका ने ओसामा बिन लादेन को मारने के सबूत दिए थे। वैसे भारत सरकार को भी सबूत देना चाहिए। कार्रवाई की तस्वीरें सैटेलाइट टेक्नोलॉजी से मिल सकती हैं।’ इस बयान के बाद दिग्विजय पर शिवराज सिंह समेत कई बीजेपी नेताओं ने जमकर तंज कसे।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिग्विजय के पुराने बयानों की तरफ इशारा करते हुए कहा, ‘आप सब को तो ये अच्छे से याद होगा कि प्रधानमंत्री से प्रूफ मांगने वाले कांग्रेस के ये वही नेता हैं जो आतंकियों के नाम के पीछे ‘जी’ लगाते हैं।’ गौरतलब है कि चार साल पहले ओसामा बिन लादेन के नाम के साथ ‘जी’ लगाकर विवादों में आ गए थे।

Reaction on Digvijay Comment
दिग्विजय सिंह के बयान पर शिवराज और सिन्हा की प्रतिक्रिया (फोटोः ट्विटर)

बीजेपी नेता और सुप्रीम कोर्ट के वकील विकास प्रीतम सिन्हा ने भी दिग्विजय को जमकर निशाने पर लिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘सुना है कि मसूद अजहर की एक किडनी खराब है और वह पाकिस्तानी मिलिट्री हॉस्पिटल में भर्ती है। दिग्विजय सिंह चाहें तो उसे अपनी एक किडनी दे सकते हैं और बहाने वे सबूत भी जुटा लाएंगे।’ इसके साथ ही उन्होंने लिखा, ‘कांग्रेस के नेता पाकिस्तानी मीडिया में भारत के खिलाफ सबूत के तौर पर पेश होने लगे। इससे बढ़कर उनके लिए और क्या सम्मान हो सकता है? लेकिन कांग्रेसियों की ऐसी हरकतें निश्चित तौर पर देश और सेना के मनोबल को कमजोर करती हैं।

 

सिन्हा ने कहा, ‘ममता बनर्जी और दिग्विजय सिंह जैसे नेताओं को पाक में भारतीय फौजों की कार्रवाई का सबूत चाहिए। जिसका मतलब है उन्हें पाक फौज पर तो भरोसा है लेकिन भारत की फौज पर नहीं। धिक्कार है।’