राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में आगामी चार नवंबर से तापमान में तेज गिरावट दर्ज की जा सकती है और इस दौरान ठंड में बढ़ोतरी होगी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के अनुसार, नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिसका असर दिल्ली पर दिखाई देगा।

विभाग ने यह भी अनुमान जताया है कि आगामी सप्ताह में दिल्ली में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रहेगा, जबकि दिन के समय आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। आइएमडी के मुताबिक, चार नवंबर को दिल्ली का न्यूनतम तापमान लगभग 15 डिग्री तक गिरने की संभावना है, जबकि सात नवंबर के बाद यह घटकर 14.3 डिग्री तक पहुंच सकता है।

14 से 16 डिग्री तापमान रहने की उम्मीद

तीन से आठ नवंबर के बीच घना कोहरा रहने का अनुमान है और इस दौरान हवाओं की रफ्तार पांच से 10 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 30.7 और न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री दर्ज किया गया। सर्वाधिक अधिकतम तापमान में गिरावट पूसा निगरानी केंद्र में 29.1 डिग्री रही, जबकि न्यूनतम तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट लोदी रोड, रिज क्षेत्र और पूसा निगरानी केंद्र में 16 डिग्री दर्ज की गई। बीते चौबीस घंटों में न्यूनतम तापमान में 2.6 डिग्री की गिरावट देखी गई। वहीं कुछ इलाकों में हवाओं की अधिकतम रफ्तार 30 किलोमीटर प्रति घंटा रही।

नोएडा की हवा में जहर, कानों में शोर – साइलेंस जोन में भी नहीं मिल रही सुकून की सांस

आइएमडी ने बताया है कि दो नवंबर की रात को घना कोहरा रहने की संभावना है। तीन नवंबर को अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है।