गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया की तिहाड़ जेल में हत्या कर दी गई। टिल्लू पर रोहिणी कोर्ट में जितेंद्र गोगी की हत्या का आरोप था। मंगलवार (2 मई, 2023) को दूसरे गैंग के सदस्य योगेश टुंडा ने उस पर हमला कर दिया, जिसके बाद वह घायल हो गया। इसके बाद उसे दिल्ली के दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आगे की जांच चल रही है।

2021 के रोहिणी कोर्ट शूटआउट का तेजपुरिया मुख्य आरोपी था। पुलिस ने कहा कि हमले में एक अन्य कैदी भी घायल हो गया, जिसकी पहचान रोहित के रूप में हुई है। वह अब खतरे से बाहर बताया जा रहा है। पश्चिम जिला के अतिरिक्त डीसीपी अक्षत कौशल ने कहा, “आज सुबह करीब 7 बजे दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में तिहाड़ जेल से लाए गए दो विचाराधीन कैदियों के बारे में सूचना मिली। उनमें से एक सुनील उर्फ टिल्लू है जिसे बेहोशी की हालत में लाया गया था। बाद में उसे मृत घोषित कर दिया गया। एक अन्य व्यक्ति, रोहित का इलाज चल रहा है और वह खतरे से बाहर है।”

उसी वार्ड की पहली मंजिल पर थे हत्यारे

दुश्मन गिरोह के सदस्यों ने सुबह जेल में उस पर हमला कर दिया, जिसके बाद वह घायल हो गया और जब उसको अस्तपाल ले गए तो डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। जेल के अंदर कम से कम 4 कैदियों ने लोहे की रोड से उस पर हमला किया। हमला करने वालों में दीपक उर्फ तीतार, योगेश उर्फ टुंडा, राजेश और रियाज खान का नाम सामने आया है, जिन्हें उसी वार्ड की पहली मंजिल पर रखा गया था।

एक अधिकारी ने बताया कि हमलावरों ने हाई सिक्योरिटी वार्ड की पहली मंजिल पर लगी लोहे की जाली को काटा और चादर की सहायता से वे नीचे उतर आए। इसके बाद हमलावरों ने ताजपुरिया पर धारदार वस्तु से हमला कर दिया।

कौशल ने बताया कि ताजपुरिया को बेहोशी की स्थिति में लाया गया था और उसे मृत घोषित कर दिया गया। सितंबर 2021 में गैंगस्टर जितेंद्र गोगी की रोहिणी अदालत परिसर में दो लोगों ने गोली मार कर हत्या कर दी थी। हमलावर ने वकील की ड्रेस पहनी हुई थी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों हमलावर मारे गए थे।